१-कुरिन्थियों 4:1-21 DGV - Bible AI

ख़ुदावन्द के ख़ादिम और उन का काम

1ग़रज़ लोग हमें मसीह के ख़ादिम समझें, ऐसे निगरान जिन्हें अल्लाह के भेदों को खोलने की ज़िम्मादारी दी गई है।

2अब निगरानों का फ़र्ज़ यह है कि उन पर पूरा एतिमाद किया जा सके।

3मुझे इस बात की ज़्यादा फ़िक्र नहीं कि आप या कोई दुनियावी अदालत मेरा एहतिसाब करे, बल्कि मैं ख़ुद भी अपना एहतिसाब नहीं करता।

4मुझे किसी ग़लती का इल्म नहीं है अगरचे यह बात मुझे रास्तबाज़ क़रार देने के लिए काफ़ी नहीं है। ख़ुदावन्द ख़ुद मेरा एहतिसाब करता है।

5इस लिए वक़्त से पहले किसी बात का फ़ैसला न करें। उस वक़्त तक इन्तिज़ार करें जब तक ख़ुदावन्द न आए। क्यूँकि वही तारीकी में छुपी हुई चीज़ों को रौशनी में लाएगा और दिलों की मन्सूबाबन्दियों को ज़ाहिर कर देगा। उस वक़्त अल्लाह ख़ुद हर फ़र्द की मुनासिब तारीफ़ करेगा।

कुरिन्थियों की शेख़ीबाज़ी

6भाइयो, मैं ने इन बातों का इत्लाक़ अपने और अपुल्लोस पर किया ताकि आप हम पर ग़ौर करते हुए अल्लाह के कलाम की हुदूद जान लें जिन से तजावुज़ करना मुनासिब नहीं। फिर आप फूल कर एक शख़्स की हिमायत करके दूसरे की मुख़ालफ़त नहीं करेंगे।

7क्यूँकि कौन आप को किसी दूसरे से अफ़्ज़ल क़रार देता है? जो कुछ आप के पास है क्या वह आप को मुफ़्त नहीं मिला? और अगर मुफ़्त मिला तो इस पर शेख़ी क्यूँ मारते हैं गोया कि आप ने उसे अपनी मेहनत से हासिल किया हो?

8वाह जी वाह! आप सेर हो चुके हैं। आप अमीर बन चुके हैं। आप हमारे बग़ैर बादशाह बन चुके हैं। काश आप बादशाह बन चुके होते ताकि हम भी आप के साथ हुकूमत करते!

9इस के बजाए मुझे लगता है कि अल्लाह ने हमारे लिए जो उस के रसूल हैं रोमी तमाशागाह में सब से निचला दर्जा मुक़र्रर किया है, जो उन लोगों के लिए मख़्सूस होता है जिन्हें सज़ा-ए-मौत का फ़ैसला सुनाया गया हो। हाँ, हम दुनिया, फ़रिश्तों और इन्सानों के सामने तमाशा बन गए हैं।

10हम तो मसीह की ख़ातिर बेवुक़ूफ़ बन गए हैं जबकि आप मसीह में समझदार ख़याल किए जाते हैं। हम कमज़ोर हैं जबकि आप ताक़तवर। आप की इज़्ज़त की जाती है जबकि हमारी बेइज़्ज़ती।

11अब तक हमें भूक और प्यास सताती है। हम चीथड़ों में मल्बूस गोया नंगे फिरते हैं। हमें मुक्के मारे जाते हैं। हमारी कोई मुस्तक़िल रिहाइशगाह नहीं।

12और बड़ी मशक़्क़त से हम अपने हाथों से रोज़ी कमाते हैं। लान-तान करने वालों को हम बरकत देते हैं, ईज़ा देने वालों को बर्दाश्त करते हैं।

13जो हमें बुरा-भला कहते हैं उन्हें हम दुआ देते हैं। अब तक हम दुनिया का कूड़ा-कर्कट और ग़िलाज़त बने फिरते हैं।

पौलुस कुरिन्थियों का रूहानी बाप है

14मैं आप को शर्मिन्दा करने के लिए यह नहीं लिख रहा, बल्कि अपने प्यारे बच्चे जान कर समझाने की ग़रज़ से।

15बेशक मसीह ईसा में आप के उस्ताद तो बेशुमार हैं, लेकिन बाप कम हैं। क्यूँकि मसीह ईसा में मैं ही आप को अल्लाह की ख़ुशख़बरी सुना कर आप का बाप बना।

16अब मैं ताकीद करता हूँ कि आप मेरे नमूने पर चलें।

17इस लिए मैं ने तीमुथियुस को आप के पास भेज दिया जो ख़ुदावन्द में मेरा प्यारा और वफ़ादार बेटा है। वह आप को मसीह ईसा में मेरी उन हिदायात की याद दिलाएगा जो मैं हर जगह और ईमानदारों की हर जमाअत में देता हूँ।

18आप में से बाज़ यूँ फूल गए हैं जैसे मैं अब आप के पास कभी नहीं आऊँगा।

19लेकिन अगर ख़ुदावन्द की मर्ज़ी हुई तो जल्द आ कर मालूम करूँगा कि क्या यह फूले हुए लोग सिर्फ़ बातें कर रहे हैं या कि अल्लाह की क़ुदरत उन में काम कर रही है।

20क्यूँकि अल्लाह की बादशाही ख़ाली बातों से ज़ाहिर नहीं होती बल्कि अल्लाह की क़ुदरत से।

21क्या आप चाहते हैं कि मैं छड़ी ले कर आप के पास आऊँ या प्यार और हलीमी की रूह में?