१-यूहन्ना 2:1-29 DGV - Bible AI

मसीह हमारी शफ़ाअत करता है

1मेरे बच्चो, मैं आप को यह इस लिए लिख रहा हूँ कि आप गुनाह न करें। लेकिन अगर कोई गुनाह करे तो एक है जो ख़ुदा बाप के सामने हमारी शफ़ाअत करता है, ईसा मसीह जो रास्त है।

2वही हमारे गुनाहों का कफ़्फ़ारा देने वाली क़ुर्बानी है, और न सिर्फ़ हमारे गुनाहों का बल्कि पूरी दुनिया के गुनाहों का भी।

3इस से हमें पता चलता है कि हम ने उसे जान लिया है, जब हम उस के अह्काम पर अमल करते हैं।

4जो कहता है, “मैं उसे जानता हूँ” लेकिन उस के अह्काम पर अमल नहीं करता वह झूटा है और सच्चाई उस में नहीं है।

5लेकिन जो उस के कलाम की पैरवी करता है उस में अल्लाह की मुहब्बत हक़ीक़तन तक्मील तक पहुँच गई है। इस से हमें पता चलता है कि हम उस में हैं।

6जो कहता है कि वह उस में क़ाइम है उस के लिए लाज़िम है कि वह यूँ चले जिस तरह ईसा चलता था।

एक नया हुक्म

7अज़ीज़ो, मैं आप को कोई नया हुक्म नहीं लिख रहा, बल्कि वही पुराना हुक्म जो आप को शुरू से मिला है। यह पुराना हुक्म वही पैग़ाम है जो आप ने सुन लिया है।

8लेकिन दूसरी तरफ़ से यह हुक्म नया भी है, और इस की सच्चाई मसीह और आप में ज़ाहिर हुई है। क्यूँकि तारीकी ख़त्म होने वाली है और हक़ीक़ी रौशनी चमकने लग गई है।

9जो नूर में होने का दावा करके अपने भाई से नफ़रत करता है वह अब तक तारीकी में है।

10जो अपने भाई से मुहब्बत रखता है वह नूर में रहता है और उस में कोई भी चीज़ नहीं पाई जाती जो ठोकर का बाइस बन सके।

11लेकिन जो अपने भाई से नफ़रत करता है वह तारीकी ही में है और अंधेरे में चलता फिरता है। उस को यह नहीं मालूम कि वह कहाँ जा रहा है, क्यूँकि तारीकी ने उसे अंधा कर रखा है।

12प्यारे बच्चो, मैं आप को इस लिए लिख रहा हूँ कि आप के गुनाहों को उस के नाम की ख़ातिर मुआफ़ कर दिया गया है।

13वालिदो, मैं आप को इस लिए लिख रहा हूँ कि आप ने उसे जान लिया है जो इब्तिदा ही से है। जवान मर्दो, मैं आप को इस लिए लिख रहा हूँ कि आप इब्लीस पर ग़ालिब आ गए हैं। बच्चो, मैं आप को इस लिए लिख रहा हूँ कि आप ने बाप को जान लिया है।

14वालिदो, मैं आप को इस लिए लिख रहा हूँ कि आप ने उसे जान लिया है जो इब्तिदा ही से है। जवान मर्दो, मैं आप को इस लिए लिख रहा हूँ कि आप मज़बूत हैं। अल्लाह का कलाम आप में बसता है और आप इब्लीस पर ग़ालिब आ गए हैं।

15दुनिया को प्यार मत करना, न किसी चीज़ को जो दुनिया में है। अगर कोई दुनिया को प्यार करे तो ख़ुदा बाप की मुहब्बत उस में नहीं है।

16क्यूँकि जो भी चीज़ दुनिया में है वह बाप की तरफ़ से नहीं बल्कि दुनिया की तरफ़ से है, ख़्वाह वह जिस्म की बुरी ख़्वाहिशात, आँखों का लालच या अपनी मिलकियत पर फ़ख़र हो।

17दुनिया और उस की वह चीज़ें जो इन्सान चाहता है ख़त्म हो रही हैं, लेकिन जो अल्लाह की मर्ज़ी पूरी करता है वह अबद तक जीता रहेगा।

मसीह का दुश्मन

18बच्चो, अब आख़िरी घड़ी आ पहुँची है। आप ने ख़ुद सुन लिया है कि मुख़ालिफ़-ए-मसीह आ रहा है, और हक़ीक़तन बहुत से ऐसे मुख़ालिफ़-ए-मसीह आ चुके हैं। इस से हमें पता चलता है कि आख़िरी घड़ी आ गई है।

19यह लोग हम में से निकले तो हैं, लेकिन हक़ीक़त में हम में से नहीं थे। क्यूँकि अगर वह हम में से होते तो वह हमारे साथ ही रहते। लेकिन हमें छोड़ने से ज़ाहिर हुआ कि सब हम में से नहीं हैं।

20लेकिन आप फ़र्क़ हैं। आप को उस से जो क़ुद्दूस है रूह का मसह मिल गया है, और आप पूरी सच्चाई को जानते हैं।

21मैं आप को इस लिए नहीं लिख रहा कि आप सच्चाई को नहीं जानते बल्कि इस लिए कि आप सच्चाई जानते हैं और कि कोई भी झूट सच्चाई की तरफ़ से नहीं आ सकता।

22कौन झूटा है? वह जो ईसा के मसीह होने का इन्कार करता है। मुख़ालिफ़-ए-मसीह ऐसा शख़्स है। वह बाप और फ़र्ज़न्द का इन्कार करता है।

23जो फ़र्ज़न्द का इन्कार करता है उस के पास बाप भी नहीं है, और जो फ़र्ज़न्द का इक़्रार करता है उस के पास बाप भी है।

24चुनाँचे लाज़िम है कि जो कुछ आप ने इब्तिदा से सुना वह आप में रहे। अगर वह आप में रहे तो आप भी फ़र्ज़न्द और बाप में रहेंगे।

25और जो वादा उस ने हम से किया है वह है अबदी ज़िन्दगी।

26मैं आप को यह उन के बारे में लिख रहा हूँ जो आप को सहीह राह से हटाने की कोशिश कर रहे हैं।

27लेकिन आप को उस से रूह का मसह मिल गया है। वह आप के अन्दर बसता है, इस लिए आप को इस की ज़रूरत ही नहीं कि कोई आप को तालीम दे। क्यूँकि मसीह का रूह आप को सब बातों के बारे में तालीम देता है और जो कुछ भी वह सिखाता है वह सच है, झूट नहीं। चुनाँचे जिस तरह उस ने आप को तालीम दी है, उसी तरह मसीह में रहें।

28और अब प्यारे बच्चो, उस में क़ाइम रहें ताकि उस के ज़ाहिर होने पर हम पूरे एतिमाद के साथ उस के सामने खड़े हो सकें और उस की आमद पर शर्मिन्दा न होना पड़े।

29अगर आप जानते हैं कि मसीह रास्तबाज़ है तो आप यह भी जानते हैं कि जो भी रास्त काम करता है वह अल्लाह से पैदा हो कर उस का फ़र्ज़न्द बन गया है।