समूएल की अलविदाई तक़रीर
1तब समूएल तमाम इस्राईल से मुख़ातिब हुआ, “मैं ने आप की हर बात मान कर आप पर बादशाह मुक़र्रर किया है।
2अब यही आप के आगे आगे चल कर आप की राहनुमाई करेगा। मैं ख़ुद बूढ़ा हूँ, और मेरे बाल सफ़ेद हो गए हैं जबकि मेरे बेटे आप के दरमियान ही रहते हैं। मैं जवानी से ले कर आज तक आप की राहनुमाई करता आया हूँ।
3अब मैं हाज़िर हूँ। अगर मुझ से कोई ग़लती हुई है तो रब और उस के मसह किए हुए बादशाह के सामने इस की गवाही दें। क्या मैं ने किसी का बैल या गधा लूट लिया? क्या मैं ने किसी से ग़लत फ़ाइदा उठाया या किसी पर ज़ुल्म किया? क्या मैं ने कभी किसी से रिश्वत ले कर ग़लत फ़ैसला किया है? अगर ऐसा हुआ तो मुझे बताएँ! फिर मैं सब कुछ वापस कर दूँगा।”
4इजतिमा ने जवाब दिया, “न आप ने हम से ग़लत फ़ाइदा उठाया, न हम पर ज़ुल्म किया है। आप ने कभी भी रिश्वत नहीं ली।”
5समूएल बोला, “आज रब और उस का मसह किया हुआ बादशाह गवाह हैं कि आप को मुझ पर इल्ज़ाम लगाने का कोई सबब न मिला।” अवाम ने कहा, “जी, ऐसा ही है।”
6समूएल ने बात जारी रखी, “रब ख़ुद मूसा और हारून को इस्राईल के राहनुमा बना कर आप के बापदादा को मिस्र से निकाल लाया।
7अब यहाँ रब के तख़्त-ए-अदालत के सामने खड़े हो जाएँ तो मैं आप को उन तमाम भलाइयों की याद दिलाऊँगा जो रब ने आप और आप के बापदादा से की हैं।
8आप का बाप याक़ूब मिस्र आया। जब मिस्री उस की औलाद को दबाने लगे तो उन्हों ने चीख़ते चिल्लाते रब से मदद माँगी। तब उस ने मूसा और हारून को भेज दिया ताकि वह पूरी क़ौम को मिस्र से निकाल कर यहाँ इस मुल्क में लाएँ।
9लेकिन जल्द ही वह रब अपने ख़ुदा को भूल गए, इस लिए उस ने उन्हें दुश्मन के हवाले कर दिया। कभी हसूर शहर के बादशाह का कमाँडर सीसरा उन से लड़ा, कभी फ़िलिस्ती और कभी मोआब का बादशाह।
10हर दफ़ा आप के बापदादा ने चीख़ते चिल्लाते रब से मदद माँगी और इक़्रार किया, ‘हम ने गुनाह किया है, क्यूँकि हम ने रब को तर्क करके बाल और अस्तारात के बुतों की पूजा की है। लेकिन अब हमें दुश्मनों से बचा! फिर हम सिर्फ़ तेरी ही ख़िदमत करेंगे।’
11और हर बार रब ने किसी न किसी को भेज दिया, कभी जिदाऊन, कभी बरक़, कभी इफ़्ताह और कभी समूएल को। उन आदमियों की मारिफ़त अल्लाह ने आप को इर्दगिर्द के तमाम दुश्मनों से बचाया, और मुल्क में अम्न-ओ-अमान क़ाइम हो गया।
12लेकिन जब अम्मोनी बादशाह नाहस आप से लड़ने आया तो आप मेरे पास आ कर तक़ाज़ा करने लगे कि हमारा अपना बादशाह हो जो हम पर हुकूमत करे, हालाँकि आप जानते थे कि रब हमारा ख़ुदा हमारा बादशाह है।
13अब वह बादशाह देखें जिसे आप माँग रहे थे! रब ने आप की ख़्वाहिश पूरी करके उसे आप पर मुक़र्रर किया है।
14चुनाँचे रब का ख़ौफ़ मानें, उस की ख़िदमत करें और उस की सुनें। सरकश हो कर उस के अह्काम की ख़िलाफ़वरज़ी मत करना। अगर आप और आप का बादशाह रब से वफ़ादार रहेंगे तो वह आप के साथ होगा।
15लेकिन अगर आप उस के ताबे न रहें और सरकश हो कर उस के अह्काम की ख़िलाफ़वरज़ी करें तो वह आप की मुख़ालफ़त करेगा, जिस तरह उस ने आप के बापदादा की भी मुख़ालफ़त की।
16अब खड़े हो कर देखें कि रब क्या करने वाला है। वह आप की आँखों के सामने ही बड़ा मोजिज़ा करेगा।
17इस वक़्त गन्दुम की कटाई का मौसम है। गो इन दिनों में बारिश नहीं होती, लेकिन मैं दुआ करूँगा तो रब गरजते बादल और बारिश भेजेगा। तब आप जान लेंगे कि आप ने बादशाह का तक़ाज़ा करते हुए रब के नज़्दीक कितनी बुरी बात की है।”
18समूएल ने पुकार कर रब से दुआ की, और उस दिन रब ने गरजते बादल और बारिश भेज दी। यह देख कर इजतिमा सख़्त घबरा कर समूएल और रब से डरने लगा।
19सब ने समूएल से इल्तिमास की, “रब अपने ख़ुदा से दुआ करके हमारी सिफ़ारिश करें ताकि हम मर न जाएँ। क्यूँकि बादशाह का तक़ाज़ा करने से हम ने अपने गुनाहों में इज़ाफ़ा किया है।”
20समूएल ने लोगों को तसल्ली दे कर कहा, “मत डरें। बेशक आप से ग़लती हुई है, लेकिन आइन्दा ख़याल रखें कि आप रब से दूर न हो जाएँ बल्कि पूरे दिल से उस की ख़िदमत करें।
21बेमानी बुतों के पीछे मत पड़ना। न वह फ़ाइदे का बाइस हैं, न आप को बचा सकते हैं। उन की कोई हैसियत नहीं है।
22रब अपने अज़ीम नाम की ख़ातिर अपनी क़ौम को नहीं छोड़ेगा, क्यूँकि उस ने आप को अपनी क़ौम बनाने का फ़ैसला किया है।
23जहाँ तक मेरा ताल्लुक़ है, मैं इस में रब का गुनाह नहीं करूँगा कि आप की सिफ़ारिश करने से बाज़ आऊँ। और आइन्दा भी मैं आप को अच्छे और सहीह रास्ते की तालीम देता रहूँगा।
24लेकिन ध्यान से रब का ख़ौफ़ मानें और पूरे दिल और वफ़ादारी से उस की ख़िदमत करें। याद रहे कि उस ने आप के लिए कितने अज़ीम काम किए हैं।
25लेकिन अगर आप ग़लत काम करने पर तुले रहें तो आप अपने बादशाह समेत दुनिया में से मिट जाएंगे।”