अदूनियाह की साज़िश
1दाऊद बादशाह बहुत बूढ़ा हो चुका था। उसे हमेशा सर्दी लगती थी, और उस पर मज़ीद बिस्तर डालने से कोई फ़ाइदा न होता था।
2यह देख कर मुलाज़िमों ने बादशाह से कहा, “अगर इजाज़त हो तो हम बादशाह के लिए एक नौजवान कुंवारी ढूँड लें जो आप की ख़िदमत में हाज़िर रहे और आप की देख-भाल करे। लड़की आप के साथ लेट कर आप को गर्म रखे।”
3चुनाँचे वह पूरे मुल्क में किसी ख़ूबसूरत लड़की की तलाश करने लगे। ढूँडते ढूँडते अबीशाग शूनीमी को चुन कर बादशाह के पास लाया गया।
4अब से वह उस की ख़िदमत में हाज़िर होती और उस की देख-भाल करती रही। लड़की निहायत ख़ूबसूरत थी, लेकिन बादशाह ने कभी उस से सोह्बत न की।
5उन दिनों में अदूनियाह बादशाह बनने की साज़िश करने लगा। वह दाऊद की बीवी हज्जीत का बेटा था। यूँ वह अबीसलूम का सौतेला भाई और उस के मरने पर दाऊद का सब से बड़ा बेटा था। शक्ल-ओ-सूरत के लिहाज़ से लोग उस की बड़ी तारीफ़ किया करते थे, और बचपन से उस के बाप ने उसे कभी नहीं डाँटा था कि तू क्या कर रहा है। अब अदूनियाह अपने आप को लोगों के सामने पेश करके एलान करने लगा, “मैं ही बादशाह बनूँगा।” इस मक़्सद के तहत उस ने अपने लिए रथ और घोड़े ख़रीद कर 50 आदमियों को रख लिया ताकि वह जहाँ भी जाए उस के आगे आगे चलते रहें।
7उस ने योआब बिन ज़रूयाह और अबियातर इमाम से बात की तो वह उस के साथी बन कर उस की हिमायत करने के लिए तय्यार हुए।
8लेकिन सदोक़ इमाम, बिनायाह बिन यहोयदा और नातन नबी उस के साथ नहीं थे, न सिमई, रेई या दाऊद के मुहाफ़िज़।
9एक दिन अदूनियाह ने ऐन-राजिल चश्मे के क़रीब की चटान ज़ुहलत के पास ज़ियाफ़त की। काफ़ी भेड़-बकरियाँ, गाय-बैल और मोटे-ताज़े बछड़े ज़बह किए गए। अदूनियाह ने बादशाह के तमाम बेटों और यहूदाह के तमाम शाही अफ़्सरों को दावत दी थी।
10कुछ लोगों को जान-बूझ कर इस में शामिल नहीं किया गया था। उन में उस का भाई सुलैमान, नातन नबी, बिनायाह और दाऊद के मुहाफ़िज़ शामिल थे।
दाऊद सुलैमान को बादशाह क़रार देता है
11तब नातन सुलैमान की माँ बत-सबा से मिला और बोला, “क्या यह ख़बर आप तक नहीं पहुँची कि हज्जीत के बेटे अदूनियाह ने अपने आप को बादशाह बना लिया है? और हमारे आक़ा दाऊद को इस का इल्म तक नहीं!
12आप की और आप के बेटे सुलैमान की ज़िन्दगी बड़े ख़तरे में है। इस लिए लाज़िम है कि आप मेरे मश्वरे पर फ़ौरन अमल करें।
13दाऊद बादशाह के पास जा कर उसे बता देना, ‘ऐ मेरे आक़ा और बादशाह, क्या आप ने क़सम खा कर मुझ से वादा नहीं किया था कि तेरा बेटा सुलैमान मेरे बाद तख़्तनशीन होगा? तो फिर अदूनियाह क्यूँ बादशाह बन गया है?’
14आप की बादशाह से गुफ़्तगू अभी ख़त्म नहीं होगी कि मैं दाख़िल हो कर आप की बात की तस्दीक़ करूँगा।”
15बत-सबा फ़ौरन बादशाह के पास गई जो सोने के कमरे में लेटा हुआ था। उस वक़्त तो वह बहुत उम्ररसीदा हो चुका था, और अबीशाग उस की देख-भाल कर रही थी।
16बत-सबा कमरे में दाख़िल हो कर बादशाह के सामने मुँह के बल झुक गई। दाऊद ने पूछा, “क्या बात है?”
17बत-सबा ने कहा, “मेरे आक़ा, आप ने तो रब अपने ख़ुदा की क़सम खा कर मुझ से वादा किया था कि तेरा बेटा सुलैमान मेरे बाद तख़्तनशीन होगा।
18लेकिन अब अदूनियाह बादशाह बन बैठा है और मेरे आक़ा और बादशाह को इस का इल्म तक नहीं।
19उस ने ज़ियाफ़त के लिए बहुत से गाय-बैल, मोटे-ताज़े बछड़े और भेड़-बकरियाँ ज़बह करके तमाम शहज़ादों को दावत दी है। अबियातर इमाम और फ़ौज का कमाँडर योआब भी इन में शामिल हैं, लेकिन आप के ख़ादिम सुलैमान को दावत नहीं मिली।
20ऐ बादशाह मेरे आक़ा, इस वक़्त तमाम इस्राईल की आँखें आप पर लगी हैं। सब आप से यह जानने के लिए तड़पते हैं कि आप के बाद कौन तख़्तनशीन होगा।
21अगर आप ने जल्द ही क़दम न उठाया तो आप के कूच कर जाने के फ़ौरन बाद मैं और मेरा बेटा अदूनियाह का निशाना बन कर मुजरिम ठहरेंगे।”
22बत-सबा अभी बादशाह से बात कर ही रही थी कि दाऊद को इत्तिला दी गई कि नातन नबी आप से मिलने आया है। नबी कमरे में दाख़िल हो कर बादशाह के सामने औंधे मुँह झुक गया।
24फिर उस ने कहा, “मेरे आक़ा, लगता है कि आप इस हक़ में हैं कि अदूनियाह आप के बाद तख़्तनशीन हो।
25क्यूँकि आज उस ने ऐन-राजिल जा कर बहुत से गाय-बैल, मोटे-ताज़े बछड़े और भेड़-बकरियों को ज़बह किया है। ज़ियाफ़त के लिए उस ने तमाम शहज़ादों, तमाम फ़ौजी अफ़्सरों और अबियातर इमाम को दावत दी है। इस वक़्त वह उस के साथ खाना खा खा कर और मै पी पी कर नारा लगा रहे हैं, ‘अदूनियाह बादशाह ज़िन्दाबाद!’
26कुछ लोगों को जान-बूझ कर दावत नहीं दी। उन में मैं आप का ख़ादिम, सदोक़ इमाम, बिनायाह बिन यहोयदा और आप का ख़ादिम सुलैमान भी शामिल हैं।
27मेरे आक़ा, क्या आप ने वाक़ई इस का हुक्म दिया है? क्या आप ने अपने ख़ादिमों को इत्तिला दिए बग़ैर फ़ैसला किया है कि यह शख़्स बादशाह बनेगा?”
28जवाब में दाऊद ने कहा, “बत-सबा को बुलाएँ!” वह वापस आई और बादशाह के सामने खड़ी हो गई।
29बादशाह बोला, “रब की हयात की क़सम जिस ने फ़िद्या दे कर मुझे हर मुसीबत से बचाया है,
30आप का बेटा सुलैमान मेरे बाद बादशाह होगा बल्कि आज ही मेरे तख़्त पर बैठ जाएगा। हाँ, आज ही मैं वह वादा पूरा करूँगा जो मैं ने रब इस्राईल के ख़ुदा की क़सम खा कर आप से किया था।”
31यह सुन कर बत-सबा औंधे मुँह झुक गई और कहा, “मेरा मालिक दाऊद बादशाह ज़िन्दाबाद!”
32फिर दाऊद ने हुक्म दिया, “सदोक़ इमाम, नातन नबी और बिनायाह बिन यहोयदा को बुला लाएँ।” तीनों आए
33तो बादशाह उन से मुख़ातिब हुआ, “मेरे बेटे सुलैमान को मेरे ख़च्चर पर बिठाएँ। फिर मेरे अफ़्सरों को साथ ले कर उसे जैहून चश्मे तक पहुँचा दें।
34वहाँ सदोक़ और नातन उसे मसह करके इस्राईल का बादशाह बना दें। नरसिंगे को बजा बजा कर नारा लगाना, ‘सुलैमान बादशाह ज़िन्दाबाद!’
35इस के बाद मेरे बेटे के साथ यहाँ वापस आ जाना। वह महल में दाख़िल हो कर मेरे तख़्त पर बैठ जाए और मेरी जगह हुकूमत करे, क्यूँकि मैं ने उसे इस्राईल और यहूदाह का हुक्मरान मुक़र्रर किया है।”
36बिनायाह बिन यहोयदा ने जवाब दिया, “आमीन, ऐसा ही हो! रब मेरे आक़ा का ख़ुदा इस फ़ैसले पर अपनी बरकत दे।
37और जिस तरह रब आप के साथ रहा उसी तरह वह सुलैमान के साथ भी हो, बल्कि वह उस के तख़्त को आप के तख़्त से कहीं ज़्यादा सरबुलन्द करे!”
38फिर सदोक़ इमाम, नातन नबी, बिनायाह बिन यहोयदा और बादशाह के मुहाफ़िज़ करेतियों और फ़लेतियों ने सुलैमान को बादशाह के ख़च्चर पर बिठा कर उसे जैहून चश्मे तक पहुँचा दिया।
39सदोक़ के पास तेल से भरा मेंढे का वह सींग था जो मुक़द्दस ख़ैमे में पड़ा रहता था। अब उस ने यह तेल ले कर सुलैमान को मसह किया। फिर नरसिंगा बजाया गया और लोग मिल कर नारा लगाने लगे, “सुलैमान बादशाह ज़िन्दाबाद! सुलैमान बादशाह ज़िन्दाबाद!”
40तमाम लोग बाँसरी बजाते और ख़ुशी मनाते हुए सुलैमान के पीछे चलने लगे। जब वह दुबारा यरूशलम में दाख़िल हुआ तो इतना शोर था कि ज़मीन लरज़ उठी।
अदूनियाह की शिकस्त
41लोगों की यह आवाज़ें अदूनियाह और उस के मेहमानों तक भी पहुँच गईं। थोड़ी देर पहले वह खाने से फ़ारिग़ हुए थे। नरसिंगे की आवाज़ सुन कर योआब चौंक उठा और पूछा, “यह क्या है? शहर से इतना शोर क्यूँ सुनाई दे रहा है?”
42वह अभी यह बात कर ही रहा था कि अबियातर का बेटा यूनतन पहुँच गया। योआब बोला, “हमारे पास आएँ। आप जैसे लाइक़ आदमी अच्छी ख़बर ले कर आ रहे होंगे।”
43यूनतन ने जवाब दिया, “अफ़्सोस, ऐसा नहीं है। हमारे आक़ा दाऊद बादशाह ने सुलैमान को बादशाह बना दिया है।
44उस ने उसे सदोक़ इमाम, नातन नबी, बिनायाह बिन यहोयदा और बादशाह के मुहाफ़िज़ करेतियों और फ़लेतियों के साथ जैहून चश्मे के पास भेज दिया है। सुलैमान बादशाह के ख़च्चर पर सवार था।
45जैहून चश्मे के पास सदोक़ इमाम और नातन नबी ने उसे मसह करके बादशाह बना दिया। फिर वह ख़ुशी मनाते हुए शहर में वापस चले गए। पूरे शहर में हलचल मच गई। यही वह शोर है जो आप को सुनाई दे रहा है।
46अब सुलैमान तख़्त पर बैठ चुका है,
47और दरबारी हमारे आक़ा दाऊद बादशाह को मुबारकबाद देने के लिए उस के पास पहुँच गए हैं। वह कह रहे हैं, ‘आप का ख़ुदा करे कि सुलैमान का नाम आप के नाम से भी ज़्यादा मश्हूर हो जाए। उस का तख़्त आप के तख़्त से कहीं ज़्यादा सरबुलन्द हो।’ बादशाह ने अपने बिस्तर पर झुक कर अल्लाह की परस्तिश की
48और कहा, ‘रब इस्राईल के ख़ुदा की तम्जीद हो जिस ने मेरे बेटों में से एक को मेरी जगह तख़्त पर बिठा दिया है। उस का शुक्र है कि मैं अपनी आँखों से यह देख सका’।”
49यूनतन के मुँह से यह ख़बर सुन कर अदूनियाह के तमाम मेहमान घबरा गए। सब उठ कर चारों तरफ़ मुन्तशिर हो गए।
50अदूनियाह सुलैमान से ख़ौफ़ खा कर मुक़द्दस ख़ैमे के पास गया और क़ुर्बानगाह के सींगों से लिपट गया।
51किसी ने सुलैमान के पास जा कर उसे इत्तिला दी, “अदूनियाह को सुलैमान बादशाह से ख़ौफ़ है, इस लिए वह क़ुर्बानगाह के सींगों से लिपटे हुए कह रहा है, ‘सुलैमान बादशाह पहले क़सम खाए कि वह मुझे मौत के घाट नहीं उतारेगा’।”
52सुलैमान ने वादा किया, “अगर वह लाइक़ साबित हो तो उस का एक बाल भी बीका नहीं होगा। लेकिन जब भी उस में बदी पाई जाए वह ज़रूर मरेगा।”
53सुलैमान ने अपने लोगों को अदूनियाह के पास भेज दिया ताकि वह उसे बादशाह के पास पहुँचाएँ। अदूनियाह आया और सुलैमान के सामने औंधे मुँह झुक गया। सुलैमान बोला, “अपने घर चले जाओ!”