१-सलातीन 12:1-33 DGV - Bible AI

शिमाली क़बीले अलग हो जाते हैं

1रहुबिआम सिकम गया, क्यूँकि वहाँ तमाम इस्राईली उसे बादशाह मुक़र्रर करने के लिए जमा हो गए थे।

2यरुबिआम बिन नबात यह ख़बर सुनते ही मिस्र से जहाँ उस ने सुलैमान बादशाह से भाग कर पनाह ली थी इस्राईल वापस आया।

3इस्राईलियों ने उसे बुलाया ताकि उस के साथ सिकम जाएँ। जब पहुँचा तो इस्राईल की पूरी जमाअत यरुबिआम के साथ मिल कर रहुबिआम से मिलने गई। उन्हों ने बादशाह से कहा,

4“जो जूआ आप के बाप ने हम पर डाल दिया था उसे उठाना मुश्किल था, और जो वक़्त और पैसे हमें बादशाह की ख़िदमत में सर्फ़ करने थे वह नाक़ाबिल-ए-बर्दाश्त थे। अब दोनों को कम कर दें। फिर हम ख़ुशी से आप की ख़िदमत करेंगे।”

5रहुबिआम ने जवाब दिया, “मुझे तीन दिन की मुहलत दें, फिर दुबारा मेरे पास आएँ।” चुनाँचे लोग चले गए।

6फिर रहुबिआम बादशाह ने उन बुज़ुर्गों से मश्वरा किया जो सुलैमान के जीते जी बादशाह की ख़िदमत करते रहे थे। उस ने पूछा, “आप का क्या ख़याल है? मैं इन लोगों को क्या जवाब दूँ?”

7बुज़ुर्गों ने जवाब दिया, “हमारा मश्वरा है कि इस वक़्त उन का ख़ादिम बन कर उन की ख़िदमत करें और उन्हें नर्म जवाब दें। अगर आप ऐसा करें तो वह हमेशा आप के वफ़ादार ख़ादिम बने रहेंगे।”

8लेकिन रहुबिआम ने बुज़ुर्गों का मश्वरा रद्द करके उस की ख़िदमत में हाज़िर उन जवानों से मश्वरा किया जो उस के साथ परवान चढ़े थे।

9उस ने पूछा, “मैं इस क़ौम को क्या जवाब दूँ? यह तक़ाज़ा कर रहे हैं कि मैं वह जूआ हल्का कर दूँ जो मेरे बाप ने उन पर डाल दिया।”

10जो जवान उस के साथ परवान चढ़े थे उन्हों ने कहा, “अच्छा, यह लोग तक़ाज़ा कर रहे हैं कि आप के बाप का जूआ हल्का किया जाए? उन्हें बता देना, ‘मेरी छोटी उंगली मेरे बाप की कमर से ज़्यादा मोटी है!

11बेशक जो जूआ उस ने आप पर डाल दिया उसे उठाना मुश्किल था, लेकिन मेरा जूआ और भी भारी होगा। जहाँ मेरे बाप ने आप को कोड़े लगाए वहाँ मैं आप की बिच्छूओं से तादीब करूँगा’!”

12तीन दिन के बाद जब यरुबिआम तमाम इस्राईलियों के साथ रहुबिआम का फ़ैसला सुनने के लिए वापस आया

13तो बादशाह ने उन्हें सख़्त जवाब दिया। बुज़ुर्गों का मश्वरा रद्द करके

14उस ने उन्हें जवानों का जवाब दिया, “बेशक जो जूआ मेरे बाप ने आप पर डाल दिया उसे उठाना मुश्किल था, लेकिन मेरा जूआ और भी भारी होगा। जहाँ मेरे बाप ने आप को कोड़े लगाए वहाँ मैं आप की बिच्छूओं से तादीब करूँगा!”

15यूँ रब की मर्ज़ी पूरी हुई कि रहुबिआम लोगों की बात नहीं मानेगा। क्यूँकि अब रब की वह पेशगोई पूरी हुई जो सैला के नबी अख़ियाह ने यरुबिआम बिन नबात को बताई थी।

16जब इस्राईलियों ने देखा कि बादशाह हमारी बात सुनने के लिए तय्यार नहीं है तो उन्हों ने उस से कहा, “न हमें दाऊद से मीरास में कुछ मिलेगा, न यस्सी के बेटे से कुछ मिलने की उम्मीद है। ऐ इस्राईल, सब अपने अपने घर वापस चलें! ऐ दाऊद, अब अपना घर ख़ुद सँभाल लो!” यह कह कर वह सब चले गए।

17सिर्फ़ यहूदाह के क़बीले के शहरों में रहने वाले इस्राईली रहुबिआम के तहत रहे।

18फिर रहुबिआम बादशाह ने बेगारियों पर मुक़र्रर अफ़्सर अदूनीराम को शिमाली क़बीलों के पास भेज दिया, लेकिन उसे देख कर तमाम लोगों ने उसे संगसार किया। तब रहुबिआम जल्दी से अपने रथ पर सवार हुआ और भाग कर यरूशलम पहुँच गया।

19यूँ इस्राईल के शिमाली क़बीले दाऊद के शाही घराने से अलग हो गए और आज तक उस की हुकूमत नहीं मानते।

20जब ख़बर शिमाली इस्राईल में फैली कि यरुबिआम मिस्र से वापस आ गया है तो लोगों ने क़ौमी इज्लास मुनअक़िद करके उसे बुलाया और वहाँ उसे अपना बादशाह बना लिया। सिर्फ़ यहूदाह का क़बीला रहुबिआम और उस के घराने का वफ़ादार रहा।

रहुबिआम को इस्राईल से जंग करने की इजाज़त नहीं मिलती

21जब रहुबिआम यरूशलम पहुँचा तो उस ने यहूदाह और बिनयमीन के क़बीलों के चीदा चीदा फ़ौजियों को इस्राईल से जंग करने के लिए बुलाया। 1,80,000 मर्द जमा हुए ताकि रहुबिआम बिन सुलैमान के लिए इस्राईल पर दुबारा क़ाबू पाएँ।

22लेकिन ऐन उस वक़्त मर्द-ए-ख़ुदा समायाह को अल्लाह की तरफ़ से पैग़ाम मिला,

23“यहूदाह के बादशाह रहुबिआम बिन सुलैमान, यहूदाह और बिनयमीन के तमाम अफ़राद और बाक़ी लोगों को इत्तिला दे,

24‘रब फ़रमाता है कि अपने इस्राईली भाइयों से जंग मत करना। हर एक अपने अपने घर वापस चला जाए, क्यूँकि जो कुछ हुआ है वह मेरे हुक्म पर हुआ है’।”

24तब वह रब की सुन कर अपने अपने घर वापस चले गए।

यरुबिआम के सोने के बछड़े

25यरुबिआम इफ़्राईम के पहाड़ी इलाक़े के शहर सिकम को मज़बूत करके वहाँ आबाद हुआ। बाद में उस ने फ़नूएल शहर की भी क़िलाबन्दी की और वहाँ मुन्तक़िल हुआ।

26लेकिन दिल में अन्देशा रहा कि कहीं इस्राईल दुबारा दाऊद के घराने के हाथ में न आ जाए।

27उस ने सोचा, “लोग बाक़ाइदगी से यरूशलम आते जाते हैं ताकि वहाँ रब के घर में अपनी क़ुर्बानियाँ पेश करें। अगर यह सिलसिला तोड़ा न जाए तो आहिस्ता आहिस्ता उन के दिल दुबारा यहूदाह के बादशाह रहुबिआम की तरफ़ माइल हो जाएंगे। आख़िरकार वह मुझे क़त्ल करके रहुबिआम को अपना बादशाह बना लेंगे।”

28अपने अफ़्सरों के मश्वरे पर उस ने सोने के दो बछड़े बनवाए। लोगों के सामने उस ने एलान किया, “हर क़ुर्बानी के लिए यरूशलम जाना मुश्किल है! ऐ इस्राईल देख, यह तेरे देवता हैं जो तुझे मिस्र से निकाल लाए।”

29एक बुत उस ने जुनूबी शहर बैत-एल में खड़ा किया और दूसरा शिमाली शहर दान में।

30यूँ यरुबिआम ने इस्राईलियों को गुनाह करने पर उकसाया। लोग दान तक सफ़र किया करते थे ताकि वहाँ के बुत की पूजा करें।

31इस के इलावा यरुबिआम ने बहुत सी ऊँची जगहों पर मन्दिर बनवाए। उन्हें सँभालने के लिए उस ने ऐसे लोग मुक़र्रर किए जो लावी के क़बीले के नहीं बल्कि आम लोग थे।

32उस ने एक नई ईद भी राइज की जो यहूदाह में मनाने वाली झोंपड़ियों की ईद की मानिन्द थी। यह ईद आठवें माह[४] के पंद्रहवें दिन मनाई जाती थी। बैत-एल में उस ने ख़ुद क़ुर्बानगाह पर जा कर अपने बनवाए हुए बछड़ों को क़ुर्बानियाँ पेश कीं, और वहीं उस ने अपने उन मन्दिरों के इमामों को मुक़र्रर किया जो उस ने ऊँची जगहों पर तामीर किए थे।

नबी यरुबिआम को बुरी ख़बर पहुँचाता है

33चुनाँचे यरुबिआम के मुक़र्ररकरदा दिन यानी आठवें महीने के पंद्रहवें दिन इस्राईलियों ने बैत-एल में ईद मनाई। तमाम मेहमानों के सामने यरुबिआम क़ुर्बानगाह पर चढ़ गया ताकि क़ुर्बानियाँ पेश करे।