१-सलातीन 14:1-31 DGV - Bible AI

यरुबिआम को इलाही सज़ा मिलती है

1एक दिन यरुबिआम का बेटा अबियाह बहुत बीमार हुआ।

2तब यरुबिआम ने अपनी बीवी से कहा, “जा कर अपना भेस बदलें ताकि कोई न पहचाने कि आप मेरी बीवी हैं। फिर सैला जाएँ। वहाँ अख़ियाह नबी रहता है जिस ने मुझे इत्तिला दी थी कि मैं इस क़ौम का बादशाह बन जाऊँगा।

3उस के पास दस रोटियाँ, कुछ बिस्कुट और शहद का मर्तबान ले जाएँ। वह आदमी आप को ज़रूर बता देगा कि लड़के के साथ क्या हो जाएगा।”

4चुनाँचे यरुबिआम की बीवी अपना भेस बदल कर रवाना हुई और चलते चलते सैला में अख़ियाह के घर पहुँच गई। अख़ियाह उम्ररसीदा होने के बाइस देख नहीं सकता था।

5लेकिन रब ने उसे आगाह कर दिया, “यरुबिआम की बीवी तुझ से मिलने आ रही है ताकि अपने बीमार बेटे के बारे में मालूमात हासिल करे। लेकिन वह अपना भेस बदल कर आएगी ताकि उसे पहचाना न जाए।” फिर रब ने नबी को बताया कि उसे क्या जवाब देना है।

6जब अख़ियाह ने औरत के क़दमों की आहट सुनी तो बोला, “यरुबिआम की बीवी, अन्दर आएँ! रूप भरने की क्या ज़रूरत? मुझे आप को बुरी ख़बर पहुँचानी है।

7जाएँ, यरुबिआम को रब इस्राईल के ख़ुदा की तरफ़ से पैग़ाम दें, ‘मैं ने तुझे लोगों में से चुन कर खड़ा किया और अपनी क़ौम इस्राईल पर बादशाह बना दिया।

8मैं ने बादशाही को दाऊद के घराने से छीन कर तुझे दे दिया। लेकिन अफ़्सोस, तू मेरे ख़ादिम दाऊद की तरह ज़िन्दगी नहीं गुज़ारता जो मेरे अह्काम के ताबे रह कर पूरे दिल से मेरी पैरवी करता रहा और हमेशा वह कुछ करता था जो मुझे पसन्द था।

9जो तुझ से पहले थे उन की निस्बत तू ने कहीं ज़्यादा बदी की, क्यूँकि तू ने बुत ढाल कर अपने लिए दीगर माबूद बनाए हैं और यूँ मुझे तैश दिलाया। चूँकि तू ने अपना मुँह मुझ से फेर लिया

10इस लिए मैं तेरे ख़ानदान को मुसीबत में डाल दूँगा। इस्राईल में मैं यरुबिआम के तमाम मर्दों को हलाक कर दूँगा, ख़्वाह वह बच्चे हों या बालिग़। जिस तरह गोबर को झाड़ू दे कर दूर किया जाता है उसी तरह यरुबिआम के घराने का नाम-ओ-निशान मिट जाएगा।

11तुम में से जो शहर में मरेंगे उन्हें कुत्ते खा जाएंगे, और जो खुले मैदान में मरेंगे उन्हें परिन्दे चट कर जाएंगे। क्यूँकि यह रब का फ़रमान है’।”

12फिर अख़ियाह ने यरुबिआम की बीवी से कहा, “आप अपने घर वापस चली जाएँ। जूँ ही आप शहर में दाख़िल होंगी लड़का फ़ौत हो जाएगा।

13पूरा इस्राईल उस का मातम करके उसे दफ़न करेगा। वह आप के ख़ानदान का वाहिद फ़र्द होगा जिसे सहीह तौर से दफ़नाया जाएगा। क्यूँकि रब इस्राईल के ख़ुदा ने सिर्फ़ उसी में कुछ पाया जो उसे पसन्द था।

14रब इस्राईल पर एक बादशाह मुक़र्रर करेगा जो यरुबिआम के ख़ानदान को हलाक करेगा। आज ही से यह सिलसिला शुरू हो जाएगा।

15रब इस्राईल को भी सज़ा देगा, क्यूँकि वह यसीरत देवी के खम्बे बना कर उन की पूजा करते हैं। चूँकि वह रब को तैश दिलाते रहे हैं, इस लिए वह उन्हें मारेगा, और वह पानी में सरकंडे की तरह हिल जाएंगे। रब उन्हें इस अच्छे मुल्क से उखाड़ कर दरया-ए-फ़ुरात के पार मुन्तशिर कर देगा।

16यूँ वह इस्राईल को उन गुनाहों के बाइस तर्क करेगा जो यरुबिआम ने किए और इस्राईल को करने पर उकसाया है।”

17यरुबिआम की बीवी तिर्ज़ा में अपने घर वापस चली गई। और घर के दरवाज़े में दाख़िल होते ही उस का बेटा मर गया।

18तमाम इस्राईल ने उसे दफ़ना कर उस का मातम किया। सब कुछ वैसे हुआ जैसे रब ने अपने ख़ादिम अख़ियाह नबी की मारिफ़त फ़रमाया था।

यरुबिआम की मौत

19बाक़ी जो कुछ यरुबिआम की ज़िन्दगी के बारे में लिखा है वह ‘शाहान-ए-इस्राईल की तारीख़’ की किताब में दर्ज है। उस किताब में पढ़ा जा सकता है कि वह किस तरह हुकूमत करता था और उस ने कौन कौन सी जंगें कीं।

20यरुबिआम 22 साल बादशाह रहा। जब वह मर कर अपने बापदादा से जा मिला तो उस का बेटा नदब तख़्तनशीन हुआ।

यहूदाह का बादशाह रहुबिआम

21यहूदाह में रहुबिआम बिन सुलैमान हुकूमत करता था। उस की माँ नामा अम्मोनी थी। 41 साल की उम्र में वह तख़्तनशीन हुआ और 17 साल बादशाह रहा। उस का दार-उल-हुकूमत यरूशलम था, वह शहर जिसे रब ने तमाम इस्राईली क़बीलों में से चुन लिया ताकि उस में अपना नाम क़ाइम करे।

22लेकिन यहूदाह के बाशिन्दे भी ऐसी हरकतें करते थे जो रब को नापसन्द थीं। अपने गुनाहों से वह उसे तैश दिलाते रहे, क्यूँकि उन के यह गुनाह उन के बापदादा के गुनाहों से कहीं ज़्यादा संगीन थे।

23उन्हों ने भी ऊँची जगहों पर मन्दिर बनाए। हर ऊँची पहाड़ी पर और हर घने दरख़्त के साय में उन्हों ने मख़्सूस पत्थर या यसीरत देवी के खम्बे खड़े किए,

24यहाँ तक कि मन्दिरों में जिस्मफ़रोश मर्द और औरतें थे। ग़रज़, उन्हों ने उन क़ौमों के तमाम घिनौने रस्म-ओ-रिवाज अपना लिए जिन को रब ने इस्राईलियों के आगे आगे निकाल दिया था।

25रहुबिआम बादशाह की हुकूमत के पाँचवें साल में मिस्र के बादशाह सीसक़ ने यरूशलम पर हम्ला करके

26रब के घर और शाही महल के तमाम ख़ज़ाने लूट लिए। सोने की वह ढालें भी छीन ली गईं जो सुलैमान ने बनवाई थीं।

27इन की जगह रहुबिआम ने पीतल की ढालें बनवाईं और उन्हें उन मुहाफ़िज़ों के अफ़्सरों के सपुर्द किया जो शाही महल के दरवाज़े की पहरादारी करते थे।

28जब भी बादशाह रब के घर में जाता तब मुहाफ़िज़ यह ढालें उठा कर साथ ले जाते। इस के बाद वह उन्हें पहरेदारों के कमरे में वापस ले जाते थे।

29बाक़ी जो कुछ रहुबिआम बादशाह की हुकूमत के दौरान हुआ और जो कुछ उस ने किया वह ‘शाहान-ए-यहूदाह की तारीख़’ की किताब में दर्ज है।

30दोनों बादशाहों रहुबिआम और यरुबिआम के जीते जी उन के दरमियान जंग जारी रही।

31जब रहुबिआम मर कर अपने बापदादा से जा मिला तो उसे यरूशलम के उस हिस्से में जो ‘दाऊद का शहर’ कहलाता है ख़ानदानी क़ब्र में दफ़नाया गया। उस की माँ नामा अम्मोनी थी। फिर रहुबिआम का बेटा अबियाह तख़्तनशीन हुआ।