1एक दिन रब ने याहू बिन हनानी को बाशा के पास भेज कर फ़रमाया,
2“पहले तू कुछ नहीं था, लेकिन मैं ने तुझे ख़ाक में से उठा कर अपनी क़ौम इस्राईल का हुक्मरान बना दिया। तो भी तू ने यरुबिआम के नमूने पर चल कर मेरी क़ौम इस्राईल को गुनाह करने पर उकसाया और मुझे तैश दिलाया है।
3इस लिए मैं तेरे घराने के साथ वही कुछ करूँगा जो यरुबिआम बिन नबात के घराने के साथ किया था। बाशा की पूरी नस्ल हलाक हो जाएगी।
4ख़ानदान के जो अफ़राद शहर में मरेंगे उन्हें कुत्ते खा जाएंगे, और जो खुले मैदान में मरेंगे उन्हें परिन्दे चट कर जाएंगे।”
5बाक़ी जो कुछ बाशा की हुकूमत के दौरान हुआ, जो कुछ उस ने किया और जो कामयाबियाँ उसे हासिल हुईं वह ‘शाहान-ए-इस्राईल की तारीख़’ की किताब में दर्ज हैं।
6जब वह मर कर अपने बापदादा से जा मिला तो उसे तिर्ज़ा में दफ़न किया गया। फिर उस का बेटा ऐला तख़्तनशीन हुआ।
7रब की सज़ा का जो पैग़ाम हनानी के बेटे याहू नबी ने बाशा और उस के ख़ानदान को सुनाया उस की दो वुजूहात थीं। पहले, बाशा ने यरुबिआम के ख़ानदान की तरह वह कुछ किया जो रब को नापसन्द था और उसे तैश दिलाया। दूसरे, उस ने यरुबिआम के पूरे ख़ानदान को हलाक कर दिया था।
इस्राईल का बादशाह ऐला
8ऐला बिन बाशा यहूदाह के बादशाह आसा की हुकूमत के 26वें साल में इस्राईल का बादशाह बना। उस की हुकूमत के दो साल के दौरान उस का दार-उल-हुकूमत तिर्ज़ा रहा।
9ऐला का एक अफ़्सर बनाम ज़िम्री था। ज़िम्री रथों के आधे हिस्से पर मुक़र्रर था। अब वह बादशाह के ख़िलाफ़ साज़िशें करने लगा। एक दिन ऐला तिर्ज़ा में महल के इंचार्ज अर्ज़ा के घर में बैठा मै पी रहा था। जब नशे में धुत हुआ
10तो ज़िम्री ने अन्दर जा कर उसे मार डाला। फिर वह ख़ुद तख़्त पर बैठ गया। यह यहूदाह के बादशाह आसा की हुकूमत के 27वें साल में हुआ।
11तख़्त पर बैठते ही ज़िम्री ने बाशा के पूरे ख़ानदान को हलाक कर दिया। उस ने किसी भी मर्द को ज़िन्दा न छोड़ा, ख़्वाह वह दूर का रिश्तेदार था, ख़्वाह दोस्त।
12यूँ वही कुछ हुआ जो रब ने याहू नबी की मारिफ़त बाशा को फ़रमाया था।
13क्यूँकि बाशा और उस के बेटे ऐला से संगीन गुनाह सरज़द हुए थे, और साथ साथ उन्हों ने इस्राईल को भी यह करने पर उकसाया था। अपने बातिल देवताओं से उन्हों ने रब इस्राईल के ख़ुदा को तैश दिलाया था।
14बाक़ी जो कुछ ऐला की हुकूमत के दौरान हुआ और जो कुछ उस ने किया वह ‘शाहान-ए-इस्राईल की तारीख़’ की किताब में दर्ज है।
इस्राईल का बादशाह ज़िम्री
15ज़िम्री यहूदाह के बादशाह आसा की हुकूमत के 27वें साल में इस्राईल का बादशाह बना। लेकिन तिर्ज़ा में उस की हुकूमत सिर्फ़ सात दिन तक क़ाइम रही। उस वक़्त इस्राईली फ़ौज फ़िलिस्ती शहर जिब्बतून का मुहासरा कर रही थी।
16जब फ़ौज में ख़बर फैल गई कि ज़िम्री ने बादशाह के ख़िलाफ़ साज़िश करके उसे क़त्ल किया है तो तमाम इस्राईलियों ने लश्करगाह में आ कर उसी दिन अपने कमाँडर उम्री को बादशाह बना दिया।
17तब उम्री तमाम फ़ौजियों के साथ जिब्बतून को छोड़ कर तिर्ज़ा का मुहासरा करने लगा।
18जब ज़िम्री को पता चला कि शहर दूसरों के क़ब्ज़े में आ गया है तो उस ने महल के बुर्ज में जा कर उसे आग लगाई। यूँ वह जल कर मर गया।
19इस तरह उसे भी मुनासिब सज़ा मिल गई, क्यूँकि उस ने भी वह कुछ किया था जो रब को नापसन्द था। यरुबिआम के नमूने पर चल कर उस ने वह तमाम गुनाह किए जो यरुबिआम ने किए और इस्राईल को करने पर उकसाया था।
20जो कुछ ज़िम्री की हुकूमत के दौरान हुआ और जो साज़िशें उस ने कीं वह ‘शाहान-ए-इस्राईल की तारीख़’ की किताब में दर्ज हैं।
इस्राईल का बादशाह उम्री
21ज़िम्री की मौत के बाद इस्राईली दो फ़िर्क़ों में बट गए। एक फ़िर्क़ा तिब्नी बिन जीनत को बादशाह बनाना चाहता था, दूसरा उम्री को।
22लेकिन उम्री का फ़िर्क़ा तिब्नी के फ़िर्क़े की निस्बत ज़्यादा ताक़तवर निकला। चुनाँचे तिब्नी मर गया और उम्री पूरी क़ौम पर बादशाह बन गया।
23उम्री यहूदाह के बादशाह आसा की हुकूमत के 31वें साल में इस्राईल का बादशाह बना। उस की हुकूमत का दौरानिया 12 साल था। पहले छः साल दार-उल-हुकूमत तिर्ज़ा रहा।
24इस के बाद उस ने एक आदमी बनाम समर को चाँदी के 6,000 सिक्के दे कर उस से सामरिया पहाड़ी ख़रीद ली और वहाँ अपना नया दार-उल-हुकूमत तामीर किया। पहले मालिक समर की याद में उस ने शहर का नाम सामरिया रखा।
25लेकिन उम्री ने भी वही कुछ किया जो रब को नापसन्द था, बल्कि उस ने माज़ी के बादशाहों की निस्बत ज़्यादा बदी की।
26उस ने यरुबिआम बिन नबात के नमूने पर चल कर वह तमाम गुनाह किए जो यरुबिआम ने किए और इस्राईल को करने पर उकसाया था। नतीजे में इस्राईली रब अपने ख़ुदा को अपने बातिल देवताओं से तैश दिलाते रहे।
27बाक़ी जो कुछ उम्री की हुकूमत के दौरान हुआ, जो कुछ उस ने किया और जो कामयाबियाँ उसे हासिल हुईं वह ‘शाहान-ए-इस्राईल की तारीख़’ की किताब में बयान की गई हैं।
28जब उम्री मर कर अपने बापदादा से जा मिला तो उसे सामरिया में दफ़नाया गया। फिर उस का बेटा अख़ियब तख़्तनशीन हुआ।
इस्राईल का बादशाह अख़ियब
29अख़ियब बन उम्री यहूदाह के बादशाह आसा के 38वें साल में इस्राईल का बादशाह बना। उस की हुकूमत का दौरानिया 22 साल था, और उस का दार-उल-हुकूमत सामरिया रहा।
30अख़ियब ने भी ऐसे काम किए जो रब को नापसन्द थे, बल्कि माज़ी के बादशाहों की निस्बत उस के गुनाह ज़्यादा संगीन थे।
31यरुबिआम के नमूने पर चलना उस के लिए काफ़ी नहीं था बल्कि उस ने इस से बढ़ कर सैदा के बादशाह इत्बआल की बेटी ईज़बिल से शादी भी की। नतीजे में वह उस के देवता बाल के सामने झुक कर उस की पूजा करने लगा।
32सामरिया में उस ने बाल का मन्दिर तामीर किया और देवता के लिए क़ुर्बानगाह बना कर उस में रख दिया।
33अख़ियब ने यसीरत देवी का बुत भी बनवा दिया। यूँ उस ने अपने घिनौने कामों से माज़ी के तमाम इस्राईली बादशाहों की निस्बत कहीं ज़्यादा रब इस्राईल के ख़ुदा को तैश दिलाया।
34अख़ियब की हुकूमत के दौरान बैत-एल के रहने वाले हीएल ने यरीहू शहर को नए सिरे से तामीर किया। जब उस की बुन्याद रखी गई तो उस का सब से बड़ा बेटा अबीराम मर गया, और जब उस ने शहर के दरवाज़े लगा दिए तो उस के सब से छोटे बेटे सजूब को अपनी जान देनी पड़ी। यूँ रब की वह बात पूरी हुई जो उस ने यशूअ बिन नून की मारिफ़त फ़रमाई थी।