१-सलातीन 2:1-46 DGV - Bible AI

दाऊद की आख़िरी हिदायात

1जब दाऊद को मह्सूस हुआ कि कूच कर जाने का वक़्त क़रीब है तो उस ने अपने बेटे सुलैमान को हिदायत की,

2“अब मैं वहाँ जा रहा हूँ जहाँ दुनिया के हर शख़्स को जाना होता है। चुनाँचे मज़बूत हों और मर्दानगी दिखाएँ।

3जो कुछ रब आप का ख़ुदा आप से चाहता है वह करें और उस की राहों पर चलते रहें। अल्लाह की शरीअत में दर्ज हर हुक्म और हिदायत पर पूरे तौर पर अमल करें। फिर जो कुछ भी करेंगे और जहाँ भी जाएंगे आप को कामयाबी नसीब होगी।

4फिर रब मेरे साथ अपना वादा पूरा करेगा। क्यूँकि उस ने फ़रमाया है, ‘अगर तेरी औलाद अपने चाल-चलन पर ध्यान दे कर पूरे दिल-ओ-जान से मेरी वफ़ादार रहे तो इस्राईल पर उस की हुकूमत हमेशा तक क़ाइम रहेगी।’

5दो एक और बातें भी हैं। आप को ख़ूब मालूम है कि योआब बिन ज़रूयाह ने मेरे साथ कैसा सुलूक किया है। इस्राईल के दो कमाँडरों अबिनैर बिन नैर और अमासा बिन यतर को उस ने क़त्ल किया। जब जंग नहीं थी उस ने जंग का ख़ून बहा कर अपनी पेटी और जूतों को बेक़ुसूर ख़ून से आलूदा कर लिया है।

6उस के साथ वह कुछ करें जो आप को मुनासिब लगे। योआब बूढ़ा तो है, लेकिन ध्यान दें कि वह तबई मौत न मरे।

7ताहम बर्ज़िल्ली जिलिआदी के बेटों पर मेहरबानी करें। वह आप की मेज़ के मुस्तक़िल मेहमान रहें, क्यूँकि उन्हों ने मेरे साथ भी ऐसा ही सुलूक किया जब मैं ने आप के भाई अबीसलूम की वजह से यरूशलम से हिज्रत की।

8बहूरीम के बिनयमीनी सिमई बिन जीरा पर भी ध्यान दें। जिस दिन मैं हिज्रत करते हुए महनाइम से गुज़र रहा था तो उस ने मुझ पर लानतें भेजीं। लेकिन मेरी वापसी पर वह दरया-ए-यर्दन पर मुझ से मिलने आया और मैं ने रब की क़सम खा कर उस से वादा किया कि उसे मौत के घाट नहीं उतारूँगा।

9लेकिन आप उस का जुर्म नज़रअन्दाज़ न करें बल्कि उस की मुनासिब सज़ा दें। आप दानिशमन्द हैं, इस लिए आप ज़रूर सज़ा देने का कोई न कोई तरीक़ा ढूँड निकालेंगे। वह बूढ़ा तो है, लेकिन ध्यान दें कि वह तबई मौत न मरे।”

10फिर दाऊद मर कर अपने बापदादा से जा मिला। उसे यरूशलम के उस हिस्से में दफ़न किया गया जो ‘दाऊद का शहर’ कहलाता है।

11वह कुल 40 साल तक इस्राईल का बादशाह रहा, सात साल हब्रून में और 33 साल यरूशलम में।

12सुलैमान अपने बाप दाऊद के बाद तख़्तनशीन हुआ। उस की हुकूमत मज़बूती से क़ाइम हुई।

अदूनियाह की मौत

13एक दिन दाऊद की बीवी हज्जीत का बेटा अदूनियाह सुलैमान की माँ बत-सबा के पास आया। बत-सबा ने पूछा, “क्या आप अम्नपसन्द इरादा रख कर आए हैं?” अदूनियाह बोला, “जी,

14बल्कि मेरी आप से गुज़ारिश है।”

14बत-सबा ने जवाब दिया, “तो फिर बताएँ!”

15अदूनियाह ने कहा, “आप तो जानती हैं कि असल में बादशाह बनने का हक़ मेरा था। और यह तमाम इस्राईल की तवक़्क़ो भी थी। लेकिन अब तो हालात बदल गए हैं। मेरा भाई बादशाह बन गया है, क्यूँकि यही रब की मर्ज़ी थी।

16अब मेरी आप से दरख़्वास्त है। इस से इन्कार न करें।” बत-सबा बोली, “बताएँ।”

17अदूनियाह ने कहा, “मैं अबीशाग शूनीमी से शादी करना चाहता हूँ। बराह-ए-करम सुलैमान बादशाह के सामने मेरी सिफ़ारिश करें ताकि बात बन जाए। अगर आप बात करें तो वह इन्कार नहीं करेगा।”

18बत-सबा राज़ी हुई, “चलें, ठीक है। मैं आप का यह मुआमला बादशाह को पेश करूँगी।”

19चुनाँचे बत-सबा सुलैमान बादशाह के पास गई ताकि उसे अदूनियाह का मुआमला पेश करे। जब दरबार में पहुँची तो बादशाह उठ कर उस से मिलने आया और उस के सामने झुक गया। फिर वह दुबारा तख़्त पर बैठ गया और हुक्म दिया कि माँ के लिए भी तख़्त रखा जाए। बादशाह के दहने हाथ बैठ कर

20उस ने अपना मुआमला पेश किया, “मेरी आप से एक छोटी सी गुज़ारिश है। इस से इन्कार न करें।” बादशाह ने जवाब दिया, “अम्मी, बताएँ अपनी बात, मैं इन्कार नहीं करूँगा।”

21बत-सबा बोली, “अपने भाई अदूनियाह को अबीशाग शूनीमी से शादी करने दें।”

22यह सुन कर सुलैमान भड़क उठा, “अदूनियाह की अबीशाग से शादी!! यह कैसी बात है जो आप पेश कर रही हैं? अगर आप यह चाहती हैं तो क्यूँ न बराह-ए-रास्त तक़ाज़ा करें कि अदूनियाह मेरी जगह तख़्त पर बैठ जाए। आख़िर वह मेरा बड़ा भाई है, और अबियातर इमाम और योआब बिन ज़रूयाह भी उस का साथ दे रहे हैं।”

23फिर सुलैमान बादशाह ने रब की क़सम खा कर कहा, “इस दरख़्वास्त से अदूनियाह ने अपनी मौत पर मुहर लगाई है। अल्लाह मुझे सख़्त सज़ा दे अगर मैं उसे मौत के घाट न उतारूँ।

24रब की क़सम जिस ने मेरी तस्दीक़ करके मुझे मेरे बाप दाऊद के तख़्त पर बिठा दिया और अपने वादे के मुताबिक़ मेरे लिए घर तामीर किया है, अदूनियाह को आज ही मरना है!”

25फिर सुलैमान बादशाह ने बिनायाह बिन यहोयदा को हुक्म दिया कि वह अदूनियाह को मौत के घाट उतार दे। चुनाँचे वह निकला और उसे मार डाला।

योआब और अबियातर की सज़ा

26अबियातर इमाम से बादशाह ने कहा, “अब यहाँ से चले जाएँ। अनतोत में अपने घर में रहें और वहाँ अपनी ज़मीनें सँभालें। गो आप सज़ा-ए-मौत के लाइक़ हैं तो भी मैं इस वक़्त आप को नहीं मार दूँगा, क्यूँकि आप मेरे बाप दाऊद के सामने रब क़ादिर-ए-मुतलक़ के अह्द का सन्दूक़ उठाए हर जगह उन के साथ गए। आप मेरे बाप के तमाम तक्लीफ़दिह और मुश्किलतरीन लमहात में शरीक रहे हैं।”

27यह कह कर सुलैमान ने अबियातर का रब के हुज़ूर इमाम की ख़िदमत सरअन्जाम देने का हक़ मन्सूख़ कर दिया। यूँ रब की वह पेशगोई पूरी हुई जो उस ने सैला में एली के घराने के बारे में की थी।

28योआब को जल्द ही पता चला कि अदूनियाह और अबियातर से क्या कुछ हुआ है। वह अबीसलूम की साज़िशों में तो शरीक नहीं हुआ था लेकिन बाद में अदूनियाह का साथी बन गया था। इस लिए अब वह भाग कर रब के मुक़द्दस ख़ैमे में दाख़िल हुआ और क़ुर्बानगाह के सींगों को पकड़ लिया।

29सुलैमान बादशाह को इत्तिला दी गई, “योआब भाग कर रब के मुक़द्दस ख़ैमे में गया है। अब वह वहाँ क़ुर्बानगाह के पास खड़ा है।” यह सुन कर सुलैमान ने बिनायाह बिन यहोयदा को हुक्म दिया, “जाओ, योआब को मार दो!”

30बिनायाह रब के ख़ैमे में जा कर योआब से मुख़ातिब हुआ, “बादशाह फ़रमाता है कि ख़ैमे से निकल आओ!” लेकिन योआब ने जवाब दिया, “नहीं, अगर मरना है तो यहीं मरूँगा।” बिनायाह बादशाह के पास वापस आया और उसे योआब का जवाब सुनाया।

31तब बादशाह ने हुक्म दिया, “चलो, उस की मर्ज़ी! उसे वहीं मार कर दफ़न कर दो ताकि मैं और मेरे बाप का घराना उन क़त्लों के जवाबदिह न ठहरें जो उस ने बिलावजह किए हैं।

32रब उसे उन दो आदमियों के क़त्ल की सज़ा दे जो उस से कहीं ज़्यादा शरीफ़ और अच्छे थे यानी इस्राईली फ़ौज का कमाँडर अबिनैर बिन नैर और यहूदाह की फ़ौज का कमाँडर अमासा बिन यतर। योआब ने दोनों को तलवार से मार डाला, हालाँकि मेरे बाप को इस का इल्म नहीं था।

33योआब और उस की औलाद हमेशा तक इन क़त्लों के क़ुसूरवार ठहरें। लेकिन रब दाऊद, उस की औलाद, घराने और तख़्त को हमेशा तक सलामती अता करे।”

34तब बिनायाह ने मुक़द्दस ख़ैमे में जा कर योआब को मार दिया। उसे यहूदाह के बयाबान में उस की अपनी ज़मीन में दफ़ना दिया गया।

35योआब की जगह बादशाह ने बिनायाह बिन यहोयदा को फ़ौज का कमाँडर बना दिया। अबियातर का उह्दा उस ने सदोक़ इमाम को दे दिया।

सिमई की मौत

36इस के बाद बादशाह ने सिमई को बुला कर उसे हुक्म दिया, “यहाँ यरूशलम में अपना घर बना कर रहना। आइन्दा आप को शहर से निकलने की इजाज़त नहीं है, ख़्वाह आप कहीं भी जाना चाहें।

37यक़ीन जानें कि जूँ ही आप शहर के दरवाज़े से निकल कर वादी-ए-क़िद्रोन को पार करेंगे तो आप को मार दिया जाएगा। तब आप ख़ुद अपनी मौत के ज़िम्मादार ठहरेंगे।”

38सिमई ने जवाब दिया, “ठीक है, जो कुछ मेरे आक़ा ने फ़रमाया है मैं करूँगा।”

38सिमई देर तक बादशाह के हुक्म के मुताबिक़ यरूशलम में रहा।

39तीन साल यूँ ही गुज़र गए। लेकिन एक दिन उस के दो ग़ुलाम भाग गए। चलते चलते वह जात के बादशाह अकीस बिन माका के पास पहुँच गए। किसी ने सिमई को इत्तिला दी, “आप के ग़ुलाम जात में ठहरे हुए हैं।”

40वह फ़ौरन अपने गधे पर ज़ीन कस कर ग़ुलामों को ढूँडने के लिए जात में अकीस के पास चला गया। दोनों ग़ुलाम अब तक वहीं थे तो सिमई उन्हें पकड़ कर यरूशलम वापस ले आया।

41सुलैमान को ख़बर मिली कि सिमई जात जा कर लौट आया है।

42तब उस ने उसे बुला कर पूछा, “क्या मैं ने आप को आगाह करके नहीं कहा था कि यक़ीन जानें कि जूँ ही आप यरूशलम से निकलेंगे आप को मार दिया जाएगा, ख़्वाह आप कहीं भी जाना चाहें। और क्या आप ने जवाब में रब की क़सम खा कर नहीं कहा था, ‘ठीक है, मैं ऐसा ही करूँगा?’

43लेकिन अब आप ने अपनी क़सम तोड़ कर मेरे हुक्म की ख़िलाफ़वरज़ी की है। यह आप ने क्यूँ किया है?”

44फिर बादशाह ने कहा, “आप ख़ूब जानते हैं कि आप ने मेरे बाप दाऊद के साथ कितना बुरा सुलूक किया। अब रब आप को इस की सज़ा देगा।

45लेकिन सुलैमान बादशाह को वह बरकत देता रहेगा, और दाऊद का तख़्त रब के हुज़ूर अबद तक क़ाइम रहेगा।”

46फिर बादशाह ने बिनायाह बिन यहोयदा को हुक्म दिया कि वह सिमई को मार दे। बिनायाह ने उसे बाहर ले जा कर तलवार से मार दिया। यूँ सुलैमान की इस्राईल पर हुकूमत मज़बूत हो गई।