ईज़बिल के हाथों नबोत का क़त्ल
1इस के बाद एक और क़ाबिल-ए-ज़िक्र बात हुई। यज़्रएल में सामरिया के बादशाह अख़ियब का एक महल था। महल की ज़मीन के साथ साथ अंगूर का बाग़ था। मालिक का नाम नबोत था।
2एक दिन अख़ियब ने नबोत से बात की, “अंगूर का आप का बाग़ मेरे महल के क़रीब ही है। उसे मुझे दे दें, क्यूँकि मैं उस में सब्ज़ियाँ लगाना चाहता हूँ। मुआवज़े में मैं आप को उस से अच्छा अंगूर का बाग़ दे दूँगा। लेकिन अगर आप पैसे को तर्जीह दें तो आप को उस की पूरी रक़म अदा कर दूँगा।”
3लेकिन नबोत ने जवाब दिया, “अल्लाह न करे कि मैं आप को वह मौरूसी ज़मीन दूँ जो मेरे बापदादा ने मेरे सपुर्द की है!”
4अख़ियब बड़े ग़ुस्से में अपने घर वापस चला गया। वह बेज़ार था कि नबोत अपने बापदादा की मौरूसी ज़मीन बेचना नहीं चाहता। वह पलंग पर लेट गया और अपना मुँह दीवार की तरफ़ करके खाना खाने से इन्कार किया।
5उस की बीवी ईज़बिल उस के पास आई और पूछने लगी, “क्या बात है? आप क्यूँ इतने बेज़ार हैं कि खाना भी नहीं खाना चाहते?”
6अख़ियब ने जवाब दिया, “यज़्रएल का रहने वाला नबोत मुझे अंगूर का बाग़ नहीं देना चाहता। गो मैं उसे पैसे देना चाहता था बल्कि उसे इस की जगह कोई और बाग़ देने के लिए तय्यार था तो भी वह बज़िद रहा।”
7ईज़बिल बोली, “क्या आप इस्राईल के बादशाह हैं कि नहीं? अब उठें! खाएँ, पिएँ और अपना दिल बहलाएँ। मैं ही आप को नबोत यज़्रएली का अंगूर का बाग़ दिला दूँगी।”
8उस ने अख़ियब के नाम से ख़ुतूत लिख कर उन पर बादशाह की मुहर लगाई और उन्हें नबोत के शहर के बुज़ुर्गों और शुरफ़ा को भेज दिया।
9ख़तों में ज़ैल की ख़बर लिखी थी,
10लेकिन उस के मुक़ाबिल दो बदमआशों को बिठा देना। इजतिमा के दौरान यह आदमी सब के सामने नबोत पर इल्ज़ाम लगाएँ, ‘इस शख़्स ने अल्लाह और बादशाह पर लानत भेजी है! हम इस के गवाह हैं।’ फिर उसे शहर से बाहर ले जा कर संगसार करें।”
11यज़्रएल के बुज़ुर्गों और शुरफ़ा ने ऐसा ही किया।
12उन्हों ने रोज़े के दिन का एलान किया। जब लोग मुक़र्ररा दिन जमा हुए तो नबोत को लोगों के सामने इज़्ज़त की कुर्सी पर बिठा दिया गया।
13फिर दो बदमआश आए और उस के मुक़ाबिल बैठ गए। इजतिमा के दौरान यह आदमी सब के सामने नबोत पर इल्ज़ाम लगाने लगे, “इस शख़्स ने अल्लाह और बादशाह पर लानत भेजी है! हम इस के गवाह हैं।” तब नबोत को शहर से बाहर ले जा कर संगसार कर दिया गया।
14फिर शहर के बुज़ुर्गों ने ईज़बिल को इत्तिला दी, “नबोत मर गया है, उसे संगसार किया गया है।”
15यह ख़बर मिलते ही ईज़बिल ने अख़ियब से बात की, “जाएँ, नबोत यज़्रएली के उस बाग़ पर क़ब्ज़ा करें जो वह आप को बेचने से इन्कार कर रहा था। अब वह आदमी ज़िन्दा नहीं रहा बल्कि मर गया है।”
16यह सुन कर अख़ियब फ़ौरन नबोत के अंगूर के बाग़ पर क़ब्ज़ा करने के लिए रवाना हुआ।
इल्यास अख़ियब को सज़ा सुनाता है
17तब रब इल्यास तिश्बी से हमकलाम हुआ,
18“इस्राईल के बादशाह अख़ियब से जो सामरिया में रहता है मिलने जा। इस वक़्त वह नबोत के अंगूर के बाग़ में है, क्यूँकि वह उस पर क़ब्ज़ा करने के लिए वहाँ पहुँचा है।
19उसे बता देना, ‘रब फ़रमाता है कि तू ने एक आदमी को बिलावजह क़त्ल करके उस की मिलकियत पर क़ब्ज़ा कर लिया है। रब फ़रमाता है कि जहाँ कुत्तों ने नबोत का ख़ून चाटा है वहाँ वह तेरा ख़ून भी चाटेंगे’।”
20जब इल्यास अख़ियब के पास पहुँचा तो बादशाह बोला, “मेरे दुश्मन, क्या आप ने मुझे ढूँड निकाला है?” इल्यास ने जवाब दिया, “जी, मैं ने आप को ढूँड निकाला है, क्यूँकि आप ने अपने आप को बदी के हाथ में बेच कर ऐसा काम किया है जो रब को नापसन्द है।
21अब सुनें रब का फ़रमान, ‘मैं तुझे यूँ मुसीबत में डाल दूँगा कि तेरा नाम-ओ-निशान तक नहीं रहेगा। मैं इस्राईल में से तेरे ख़ानदान के हर मर्द को मिटा दूँगा, ख़्वाह वह बालिग़ हो या बच्चा।
22तू ने मुझे बड़ा तैश दिलाया और इस्राईल को गुनाह करने पर उकसाया है। इस लिए मेरा तेरे घराने के साथ वही सुलूक होगा जो मैं ने यरुबिआम बिन नबात और बाशा बिन अख़ियाह के साथ किया है।’
23ईज़बिल पर भी रब की सज़ा आएगी। रब फ़रमाता है, ‘कुत्ते यज़्रएल की फ़सील के पास ईज़बिल को खा जाएंगे।
24अख़ियब के ख़ानदान में से जो शहर में मरेंगे उन्हें कुत्ते खा जाएंगे, और जो खुले मैदान में मरेंगे उन्हें परिन्दे चट कर जाएंगे’।”
25और यह हक़ीक़त है कि अख़ियब जैसा ख़राब शख़्स कोई नहीं था। क्यूँकि ईज़बिल के उकसाने पर उस ने अपने आप को बदी के हाथ में बेच कर ऐसा काम किया जो रब को नापसन्द था।
26सब से घिनौनी बात यह थी कि वह बुतों के पीछे लगा रहा, बिलकुल उन अमोरियों की तरह जिन्हें रब ने इस्राईल से निकाल दिया था।
27जब अख़ियब ने इल्यास की यह बातें सुनीं तो उस ने अपने कपड़े फाड़ कर टाट ओढ़ लिया। रोज़ा रख कर वह ग़मगीन हालत में फिरता रहा। टाट उस ने सोते वक़्त भी न उतारा।
28तब रब दुबारा इल्यास तिश्बी से हमकलाम हुआ,
29“क्या तू ने ग़ौर किया है कि अख़ियब ने अपने आप को मेरे सामने कितना पस्त कर दिया है? चूँकि उस ने अपनी आजिज़ी का इज़हार किया है इस लिए मैं उस के जीते जी उस के ख़ानदान को मज़कूरा मुसीबत में नहीं डालूँगा बल्कि उस वक़्त जब उस का बेटा तख़्त पर बैठेगा।”