१-सलातीन 3:1-28 DGV - Bible AI

सुलैमान रब से हिक्मत माँगता है

1सुलैमान फ़िरऔन की बेटी से शादी करके मिस्री बादशाह का दामाद बन गया। शुरू में उस की बीवी शहर के उस हिस्से में रहती थी जो ‘दाऊद का शहर’ कहलाता था। क्यूँकि उस वक़्त नया महल, रब का घर और शहर की फ़सील ज़ेर-ए-तामीर थे।

2उन दिनों में रब के नाम का घर तामीर नहीं हुआ था, इस लिए इस्राईली अपनी क़ुर्बानियाँ मुख़्तलिफ़ ऊँची जगहों पर चढ़ाते थे।

3सुलैमान रब से प्यार करता था और इस लिए अपने बाप दाऊद की तमाम हिदायात के मुताबिक़ ज़िन्दगी गुज़ारता था। लेकिन वह भी जानवरों की अपनी क़ुर्बानियाँ और बख़ूर ऐसे ही मक़ामों पर रब को पेश करता था।

4एक दिन बादशाह जिबऊन गया और वहाँ भस्म होने वाली 1,000 क़ुर्बानियाँ चढ़ाईं, क्यूँकि उस शहर की ऊँची जगह क़ुर्बानियाँ चढ़ाने का सब से अहम मर्कज़ थी।

5जब वह वहाँ ठहरा हुआ था तो रब ख़्वाब में उस पर ज़ाहिर हुआ और फ़रमाया, “तेरा दिल क्या चाहता है? मुझे बता दे तो मैं तेरी ख़्वाहिश पूरी करूँगा।”

6सुलैमान ने जवाब दिया, “तू मेरे बाप दाऊद पर बड़ी मेहरबानी कर चुका है। वजह यह थी कि तेरा ख़ादिम वफ़ादारी, इन्साफ़ और ख़ुलूसदिली से तेरे हुज़ूर चलता रहा। तेरी उस पर मेहरबानी आज तक जारी रही है, क्यूँकि तू ने उस का बेटा उस की जगह तख़्तनशीन कर दिया है।

7ऐ रब मेरे ख़ुदा, तू ने अपने ख़ादिम को मेरे बाप दाऊद की जगह तख़्त पर बिठा दिया है। लेकिन मैं अभी छोटा बच्चा हूँ जिसे अपनी ज़िम्मादारियाँ सहीह तौर पर सँभालने का तजरिबा नहीं हुआ।

8तो भी तेरे ख़ादिम को तेरी चुनी हुई क़ौम के बीच में खड़ा किया गया है, इतनी अज़ीम क़ौम के दरमियान कि उसे गिना नहीं जा सकता।

9चुनाँचे मुझे सुनने वाला दिल अता फ़रमा ताकि मैं तेरी क़ौम का इन्साफ़ करूँ और सहीह और ग़लत बातों में इम्तियाज़ कर सकूँ। क्यूँकि कौन तेरी इस अज़ीम क़ौम का इन्साफ़ कर सकता है?”

10सुलैमान की यह दरख़्वास्त रब को पसन्द आई,

11इस लिए उस ने जवाब दिया, “मैं ख़ुश हूँ कि तू ने न उम्र की दराज़ी, न दौलत और न अपने दुश्मनों की हलाकत बल्कि इम्तियाज़ करने की सलाहियत माँगी है ताकि सुन कर इन्साफ़ कर सके।

12इस लिए मैं तेरी दरख़्वास्त पूरी करके तुझे इतना दानिशमन्द और समझदार बना दूँगा कि उतना न माज़ी में कोई था, न मुस्तक़बिल में कभी कोई होगा।

13बल्कि तुझे वह कुछ भी दे दूँगा जो तू ने नहीं माँगा, यानी दौलत और इज़्ज़त। तेरे जीते जी कोई और बादशाह तेरे बराबर नहीं पाया जाएगा।

14अगर तू मेरी राहों पर चलता रहे और अपने बाप दाऊद की तरह मेरे अह्काम के मुताबिक़ ज़िन्दगी गुज़ारे तो फिर मैं तेरी उम्र दराज़ करूँगा।”

15सुलैमान जाग उठा तो मालूम हुआ कि मैं ने ख़्वाब देखा है। वह यरूशलम को वापस चला गया और रब के अह्द के सन्दूक़ के सामने खड़ा हुआ। वहाँ उस ने भस्म होने वाली और सलामती की क़ुर्बानियाँ पेश कीं, फिर बड़ी ज़ियाफ़त की जिस में तमाम दरबारी शरीक हुए।

दो कस्बियों के बच्चे के बारे में सुलैमान का फ़ैसला

16एक दिन दो कस्बियाँ बादशाह के पास आईं।

17एक बात करने लगी, “मेरे आक़ा, हम दोनों एक ही घर में बसती हैं। कुछ देर पहले इस की मौजूदगी में घर में मेरे बच्चा पैदा हुआ।

18दो दिन के बाद इस के भी बचा हुआ। हम अकेली ही थीं, हमारे सिवा घर में कोई और नहीं था।

19एक रात को मेरी साथी का बच्चा मर गया। माँ ने सोते में करवटें बदलते बदलते अपने बच्चे को दबा दिया था।

20रातों रात इसे मालूम हुआ कि बेटा मर गया है। मैं अभी गहरी नींद सो रही थी। यह देख कर इस ने मेरे बच्चे को उठाया और अपने मुर्दे बेटे को मेरी गोद में रख दिया। फिर वह मेरे बेटे के साथ सो गई।

21सुब्ह के वक़्त जब मैं अपने बेटे को दूध पिलाने के लिए उठी तो देखा कि उस से जान निकल गई है। लेकिन जब दिन मज़ीद चढ़ा और मैं ग़ौर से उसे देख सकी तो क्या देखती हूँ कि यह वह बच्चा नहीं है जिसे मैं ने जन्म दिया है!”

22दूसरी औरत ने उस की बात काट कर कहा, “हरगिज़ नहीं! यह झूट है। मेरा बेटा ज़िन्दा है और तेरा तो मर गया है।” पहली औरत चीख़ उठी, “कभी भी नहीं! ज़िन्दा बच्चा मेरा और मुर्दा बच्चा तेरा है।” ऐसी बातें करते करते दोनों बादशाह के सामने झगड़ती रहीं।

23फिर बादशाह बोला, “सीधी सी बात यह है कि दोनों ही दावा करती हैं कि ज़िन्दा बच्चा मेरा है और मुर्दा बच्चा दूसरी का है।

24ठीक है, फिर मेरे पास तलवार ले आएँ!” उस के पास तलवार लाई गई।

25तब उस ने हुक्म दिया, “ज़िन्दा बच्चे को बराबर के दो हिस्सों में काट कर हर औरत को एक एक हिस्सा दे दें।”

26यह सुन कर बच्चे की हक़ीक़ी माँ ने जिस का दिल अपने बेटे के लिए तड़पता था बादशाह से इल्तिमास की, “नहीं मेरे आक़ा, उसे मत मारें! बराह-ए-करम उसे इसी को दे दीजिए।”

26लेकिन दूसरी औरत बोली, “ठीक है, उसे काट दें। अगर यह मेरा नहीं होगा तो कम अज़ कम तेरा भी नहीं होगा।”

27यह देख कर बादशाह ने हुक्म दिया, “रुकें! बच्चे पर तलवार मत चलाएँ बल्कि उसे पहली औरत को दे दें जो चाहती है कि ज़िन्दा रहे। वही उस की माँ है।”

28जल्द ही सुलैमान के इस फ़ैसले की ख़बर पूरे मुल्क में फैल गई, और लोगों पर बादशाह का ख़ौफ़ छा गया, क्यूँकि उन्हों ने जान लिया कि अल्लाह ने उसे इन्साफ़ करने की ख़ास हिक्मत अता की है।