२-कुरिन्थियों 2:1-17 DGV - Bible AI

1चुनाँचे मैं ने फ़ैसला किया कि मैं दुबारा आप के पास नहीं आऊँगा, वर्ना आप को बहुत ग़म खाना पड़ेगा।

2क्यूँकि अगर मैं आप को दुख पहुँचाऊँ तो कौन मुझे ख़ुश करेगा? यह वह शख़्स नहीं करेगा जिसे मैं ने दुख पहुँचाया है।

3यही वजह है कि मैं ने आप को यह लिख दिया। मैं नहीं चाहता था कि आप के पास आ कर उन ही लोगों से ग़म खाऊँ जिन्हें मुझे ख़ुश करना चाहिए। क्यूँकि मुझे आप सब के बारे में यक़ीन है कि मेरी ख़ुशी आप सब की ख़ुशी है।

4मैं ने आप को निहायत रंजीदा और परेशान हालत में आँसू बहा बहा कर लिख दिया। मक़्सद यह नहीं था कि आप ग़मगीन हो जाएँ बल्कि मैं चाहता था कि आप जान लें कि मैं आप से कितनी गहरी मुहब्बत रखता हूँ।

मुजरिम को मुआफ़ कर दिया जाए

5अगर किसी ने दुख पहुँचाया है तो मुझे नहीं बल्कि किसी हद तक आप सब को (मैं ज़्यादा सख़्ती से बात नहीं करना चाहता)।

6लेकिन मज़कूरा शख़्स के लिए यह काफ़ी है कि उसे जमाअत के अक्सर लोगों ने सज़ा दी है।

7अब ज़रूरी है कि आप उसे मुआफ़ करके तसल्ली दें, वर्ना वह ग़म खा खा कर तबाह हो जाएगा।

8चुनाँचे मैं इस पर ज़ोर देना चाहता हूँ कि आप उसे अपनी मुहब्बत का एहसास दिलाएँ।

9मैं ने यह मालूम करने के लिए आप को लिखा कि क्या आप इम्तिहान में पूरे उतरेंगे और हर बात में ताबे रहेंगे।

10जिसे आप कुछ मुआफ़ करते हैं उसे मैं भी मुआफ़ करता हूँ। और जो कुछ मैं ने मुआफ़ किया, अगर मुझे कुछ मुआफ़ करने की ज़रूरत थी, वह मैं ने आप की ख़ातिर मसीह के हुज़ूर मुआफ़ किया है

11ताकि इब्लीस हम से फ़ाइदा न उठाए। क्यूँकि हम उस की चालों से ख़ूब वाक़िफ़ हैं।

त्रोआस में पौलुस की परेशानी

12जब मैं मसीह की ख़ुशख़बरी सुनाने के लिए त्रोआस गया तो ख़ुदावन्द ने मेरे लिए आगे ख़िदमत करने का एक दरवाज़ा खोल दिया।

13लेकिन जब मुझे अपना भाई तितुस वहाँ न मिला तो मैं बेचैन हो गया और उन्हें ख़ैरबाद कह कर सूबा मकिदुनिया चला गया।

मसीह में फ़त्ह

14लेकिन ख़ुदा का शुक्र है! वही हमारे आगे आगे चलता है और हम मसीह के क़ैदी बन कर उस की फ़त्ह मनाते हुए उस के पीछे पीछे चलते हैं। यूँ अल्लाह हमारे वसीले से हर जगह मसीह के बारे में इल्म ख़ुश्बू की तरह फैलाता है।

15क्यूँकि हम मसीह की ख़ुश्बू हैं जो अल्लाह तक पहुँचती है और साथ साथ लोगों में भी फैलती है, नजात पाने वालों में भी और हलाक होने वालों में भी।

16बाज़ लोगों के लिए हम मौत की मोहलक बू हैं जबकि बाज़ के लिए हम ज़िन्दगीबख़्श ख़ुश्बू हैं। तो कौन यह ज़िम्मादारी निभाने के लाइक़ है?

17क्यूँकि हम अक्सर लोगों की तरह अल्लाह के कलाम की तिजारत नहीं करते, बल्कि यह जान कर कि हम अल्लाह के हुज़ूर में हैं और उस के भेजे हुए हैं हम ख़ुलूसदिली से लोगों से बात करते हैं।