झूटे नबियों और मीकायाह का मुक़ाबला
1ग़रज़ यहूसफ़त को बड़ी दौलत और इज़्ज़त हासिल हुई। उस ने अपने पहलौठे की शादी इस्राईल के बादशाह अख़ियब की बेटी से कराई।
2कुछ साल के बाद वह अख़ियब से मिलने के लिए सामरिया गया। इस्राईल के बादशाह ने यहूसफ़त और उस के साथियों के लिए बहुत सी भेड़-बकरियाँ और गाय-बैल ज़बह किए। फिर उस ने यहूसफ़त को अपने साथ रामात-जिलिआद से जंग करने पर उकसाया।
3अख़ियब ने यहूसफ़त से सवाल किया, “क्या आप मेरे साथ रामात-जिलिआद जाएंगे ताकि उस पर क़ब्ज़ा करें?” उस ने जवाब दिया, “जी ज़रूर, हम तो भाई हैं, मेरी क़ौम को अपनी क़ौम समझें! हम आप के साथ मिल कर लड़ने के लिए निकलेंगे।
4लेकिन मेहरबानी करके पहले रब की मर्ज़ी मालूम कर लें।”
5इस्राईल के बादशाह ने 400 नबियों को बुला कर उन से पूछा, “क्या हम रामात-जिलिआद पर हम्ला करें या मैं इस इरादे से बाज़ रहूँ?” नबियों ने जवाब दिया, “जी, करें, क्यूँकि अल्लाह उसे बादशाह के हवाले कर देगा।”
6लेकिन यहूसफ़त मुत्मइन न हुआ। उस ने पूछा, “क्या यहाँ रब का कोई नबी नहीं जिस से हम दरयाफ़्त कर सकें?”
7इस्राईल का बादशाह बोला, “हाँ, एक तो है जिस के ज़रीए हम रब की मर्ज़ी मालूम कर सकते हैं। लेकिन मैं उस से नफ़रत करता हूँ, क्यूँकि वह मेरे बारे में कभी भी अच्छी पेशगोई नहीं करता। वह हमेशा बुरी पेशगोइयाँ सुनाता है। उस का नाम मीकायाह बिन इम्ला है।” यहूसफ़त ने एतिराज़ किया, “बादशाह ऐसी बात न कहे!”
8तब इस्राईल के बादशाह ने किसी मुलाज़िम को बुला कर हुक्म दिया, “मीकायाह बिन इम्ला को फ़ौरन हमारे पास पहुँचा देना!”
9अख़ियब और यहूसफ़त अपने शाही लिबास पहने हुए सामरिया के दरवाज़े के क़रीब अपने अपने तख़्त पर बैठे थे। यह ऐसी खुली जगह थी जहाँ अनाज गाहा जाता था। तमाम 400 नबी वहाँ उन के सामने अपनी पेशगोइयाँ पेश कर रहे थे।
10एक नबी बनाम सिदक़ियाह बिन कनआना ने अपने लिए लोहे के सींग बना कर एलान किया, “रब फ़रमाता है कि इन सींगों से तू शाम के फ़ौजियों को मार मार कर हलाक कर देगा।”
11दूसरे नबी भी इस क़िस्म की पेशगोइयाँ कर रहे थे, “रामात-जिलिआद पर हम्ला करें, क्यूँकि आप ज़रूर कामयाब हो जाएंगे। रब शहर को आप के हवाले कर देगा।”
12जिस मुलाज़िम को मीकायाह को बुलाने के लिए भेजा गया था उस ने रास्ते में उसे समझाया, “देखें, बाक़ी तमाम नबी मिल कर कह रहे हैं कि बादशाह को कामयाबी हासिल होगी। आप भी ऐसी ही बातें करें, आप भी फ़त्ह की पेशगोई करें!”
13लेकिन मीकायाह ने एतिराज़ किया, “रब की हयात की क़सम, मैं बादशाह को सिर्फ़ वही कुछ बताऊँगा जो मेरा ख़ुदा फ़रमाएगा।”
14जब मीकायाह अख़ियब के सामने खड़ा हुआ तो बादशाह ने पूछा, “मीकायाह, क्या हम रामात-जिलिआद पर हम्ला करें या मैं इस इरादे से बाज़ रहूँ?”
15बादशाह नाराज़ हुआ, “मुझे कितनी दफ़ा आप को समझाना पड़ेगा कि आप क़सम खा कर मुझे रब के नाम में सिर्फ़ वह कुछ सुनाएँ जो हक़ीक़त है।”
16तब मीकायाह ने जवाब में कहा, “मुझे तमाम इस्राईल गल्लाबान से महरूम भेड़-बकरियों की तरह पहाड़ों पर बिखरा हुआ नज़र आया। फिर रब मुझ से हमकलाम हुआ, ‘इन का कोई मालिक नहीं है। हर एक सलामती से अपने घर वापस चला जाए’।”
17इस्राईल के बादशाह ने यहूसफ़त से कहा, “लो, क्या मैं ने आप को नहीं बताया था कि यह शख़्स हमेशा मेरे बारे में बुरी पेशगोइयाँ करता है?”
18लेकिन मीकायाह ने अपनी बात जारी रखी, “रब का फ़रमान सुनें! मैं ने रब को उस के तख़्त पर बैठे देखा। आसमान की पूरी फ़ौज उस के दाएँ और बाएँ हाथ खड़ी थी।
19रब ने पूछा, ‘कौन इस्राईल के बादशाह अख़ियब को रामात-जिलिआद पर हम्ला करने पर उकसाएगा ताकि वह वहाँ जा कर मर जाए?’ एक ने यह मश्वरा दिया, दूसरे ने वह।
20आख़िरकार एक रूह रब के सामने खड़ी हुई और कहने लगी, ‘मैं उसे उकसाऊँगी’। रब ने सवाल किया, ‘किस तरह?’
21रूह ने जवाब दिया, ‘मैं निकल कर उस के तमाम नबियों पर यूँ क़ाबू पाऊँगी कि वह झूट ही बोलेंगे।’ रब ने फ़रमाया, ‘तू कामयाब होगी। जा और यूँ ही कर!’
22ऐ बादशाह, रब ने आप पर आफ़त लाने का फ़ैसला कर लिया है, इस लिए उस ने झूटी रूह को आप के इन तमाम नबियों के मुँह में डाल दिया है।”
23तब सिदक़ियाह बिन कनआना ने आगे बढ़ कर मीकायाह के मुँह पर थप्पड़ मारा और बोला, “रब का रूह किस तरह मुझ से निकल गया ताकि तुझ से बात करे?”
24मीकायाह ने जवाब दिया, “जिस दिन आप कभी इस कमरे में, कभी उस में खिसक कर छुपने की कोशिश करेंगे उस दिन आप को पता चलेगा।”
25तब अख़ियब बादशाह ने हुक्म दिया, “मीकायाह को शहर पर मुक़र्रर अफ़्सर अमून और मेरे बेटे यूआस के पास वापस भेज दो!
26उन्हें बता देना, ‘इस आदमी को जेल में डाल कर मेरे सहीह-सलामत वापस आने तक कम से कम रोटी और पानी दिया करें’।”
27मीकायाह बोला, “अगर आप सहीह-सलामत वापस आएँ तो मतलब होगा कि रब ने मेरी मारिफ़त बात नहीं की।” फिर वह साथ खड़े लोगों से मुख़ातिब हुआ, “तमाम लोग ध्यान दें!”
अख़ियब रामात के क़रीब मर जाता है
28इस के बाद इस्राईल का बादशाह अख़ियब और यहूदाह का बादशाह यहूसफ़त मिल कर रामात-जिलिआद पर हम्ला करने के लिए रवाना हुए।
29जंग से पहले अख़ियब ने यहूसफ़त से कहा, “मैं अपना भेस बदल कर मैदान-ए-जंग में जाऊँगा। लेकिन आप अपना शाही लिबास न उतारें।” चुनाँचे इस्राईल का बादशाह अपना भेस बदल कर मैदान-ए-जंग में आया।
30शाम के बादशाह ने रथों पर मुक़र्रर अपने अफ़्सरों को हुक्म दिया था, “सिर्फ़ और सिर्फ़ बादशाह पर हम्ला करें। किसी और से मत लड़ना, ख़्वाह वह छोटा हो या बड़ा।”
31जब लड़ाई छिड़ गई तो रथों के अफ़्सर यहूसफ़त पर टूट पड़े, क्यूँकि उन्हों ने कहा, “यही इस्राईल का बादशाह है!” लेकिन जब यहूसफ़त मदद के लिए चिल्ला उठा तो रब ने उस की सुनी। उस ने उन का ध्यान यहूसफ़त से खैंच लिया,
32क्यूँकि जब दुश्मनों को मालूम हुआ कि यह अख़ियब बादशाह नहीं है तो वह उस का ताक़्क़ुब करने से बाज़ आए।
33लेकिन किसी ने ख़ास निशाना बांधे बग़ैर अपना तीर चलाया तो वह अख़ियब को ऐसी जगह जा लगा जहाँ ज़िराबक्तर का जोड़ था। बादशाह ने अपने रथबान को हुक्म दिया, “रथ को मोड़ कर मुझे मैदान-ए-जंग से बाहर ले जाओ! मुझे चोट लग गई है।”
34लेकिन चूँकि उस पूरे दिन शदीद क़िस्म की लड़ाई जारी रही, इस लिए बादशाह अपने रथ में टेक लगा कर दुश्मन के मुक़ाबिल खड़ा रहा। जब सूरज ग़ुरूब होने लगा तो वह मर गया।