२- तवारीख़ 26:1-23 DGV - Bible AI

यहूदाह का बादशाह उज़्ज़ियाह

1यहूदाह के तमाम लोगों ने अमसियाह की जगह उस के बेटे उज़्ज़ियाह को तख़्त पर बिठा दिया। उस की उम्र 16 साल थी

2जब उस का बाप मर कर अपने बापदादा से जा मिला। बादशाह बनने के बाद उज़्ज़ियाह ने ऐलात शहर पर क़ब्ज़ा करके उसे दुबारा यहूदाह का हिस्सा बना लिया। उस ने शहर में बहुत तामीरी काम करवाया।

3उज़्ज़ियाह 16 साल की उम्र में बादशाह बना और यरूशलम में रह कर 52 साल हुकूमत करता रहा। उस की माँ यकूलियाह यरूशलम की रहने वाली थी।

4अपने बाप अमसियाह की तरह उस का चाल-चलन रब को पसन्द था।

5इमाम-ए-आज़म ज़करियाह के जीते जी उज़्ज़ियाह रब का तालिब रहा, क्यूँकि ज़करियाह उसे अल्लाह का ख़ौफ़ मानने की तालीम देता रहा। जब तक बादशाह रब का तालिब रहा उस वक़्त तक अल्लाह उसे कामयाबी बख़्शता रहा।

6उज़्ज़ियाह ने फ़िलिस्तियों से जंग करके जात, यब्ना और अश्दूद की फ़सीलों को ढा दिया। दीगर कई शहरों को उस ने नए सिरे से तामीर किया जो अश्दूद के क़रीब और फ़िलिस्तियों के बाक़ी इलाक़े में थे।

7लेकिन अल्लाह ने न सिर्फ़ फ़िलिस्तियों से लड़ते वक़्त उज़्ज़ियाह की मदद की बल्कि उस वक़्त भी जब जूर-बाल में रहने वाले अरबों और मऊनियों से जंग छिड़ गई।

8अम्मोनियों को उज़्ज़ियाह को ख़राज अदा करना पड़ा, और वह इतना ताक़तवर बना कि उस की शोहरत मिस्र तक फैल गई।

9यरूशलम में उज़्ज़ियाह ने कोने के दरवाज़े, वादी के दरवाज़े और फ़सील के मोड़ पर मज़बूत बुर्ज बनवाए।

10उस ने बयाबान में भी बुर्ज तामीर किए और साथ साथ पत्थर के बेशुमार हौज़ तराशे, क्यूँकि मग़रिबी यहूदाह के नशेबी पहाड़ी इलाक़े और मैदानी इलाक़े में उस के बड़े बड़े रेवड़ चरते थे। बादशाह को काश्तकारी का काम ख़ास पसन्द था। बहुत लोग पहाड़ी इलाक़ों और ज़रख़ेज़ वादियों में उस के खेतों और अंगूर के बाग़ों की निगरानी करते थे।

11उज़्ज़ियाह की ताक़तवर फ़ौज थी। बादशाह के आला अफ़्सर हननियाह की राहनुमाई में मीरमुन्शी यईएल ने अफ़्सर मासियाह के साथ फ़ौज की भर्ती करके उसे तरतीब दिया था।

12इन दस्तों पर कुंबों के 2,600 सरपरस्त मुक़र्रर थे।

13फ़ौज 3,07,500 जंग लड़ने के क़ाबिल मर्दों पर मुश्तमिल थी। जंग में बादशाह उन पर पूरा भरोसा कर सकता था।

14उज़्ज़ियाह ने अपने तमाम फ़ौजियों को ढालों, नेज़ों, ख़ोदों, ज़िराबक्तरों, कमानों और फ़लाख़न के सामान से मुसल्लह किया।

15और यरूशलम के बुर्जों और फ़सील के कोनों पर उस ने ऐसी मशीनें लगाएँ जो तीर चला सकती और बड़े बड़े पत्थर फैंक सकती थीं।

15ग़रज़, अल्लाह की मदद से उज़्ज़ियाह की शोहरत दूर दूर तक फैल गई, और उस की ताक़त बढ़ती गई।

उज़्ज़ियाह मग़रूर हो जाता है

16लेकिन इस ताक़त ने उसे मग़रूर कर दिया, और नतीजे में वह ग़लत राह पर आ गया। रब अपने ख़ुदा का बेवफ़ा हो कर वह एक दिन रब के घर में घुस गया ताकि बख़ूर की क़ुर्बानगाह पर बख़ूर जलाए।

17लेकिन इमाम-ए-आज़म अज़रियाह रब के मज़ीद 80 बहादुर इमामों को अपने साथ ले कर उस के पीछे पीछे गया।

18उन्हों ने बादशाह उज़्ज़ियाह का सामना करके कहा, “मुनासिब नहीं कि आप रब को बख़ूर की क़ुर्बानी पेश करें। यह हारून की औलाद यानी इमामों की ज़िम्मादारी है जिन्हें इस के लिए मख़्सूस किया गया है। मक़्दिस से निकल जाएँ, क्यूँकि आप अल्लाह से बेवफ़ा हो गए हैं, और आप की यह हरकत रब ख़ुदा के सामने इज़्ज़त का बाइस नहीं बनेगी।”

19उज़्ज़ियाह बख़ूरदान को पकड़े बख़ूर को पेश करने को था कि इमामों की बातें सुन कर आग-बगूला हो गया। लेकिन उसी लम्हे उस के माथे पर कोढ़ फूट निकला।

20यह देख कर इमाम-ए-आज़म अज़रियाह और दीगर इमामों ने उसे जल्दी से रब के घर से निकाल दिया। उज़्ज़ियाह ने ख़ुद भी वहाँ से निकलने की जल्दी की, क्यूँकि रब ही ने उसे सज़ा दी थी।

21उज़्ज़ियाह जीते जी इस बीमारी से शिफ़ा न पा सका। उसे अलाहिदा घर में रहना पड़ा, और उसे रब के घर में दाख़िल होने की इजाज़त नहीं थी। उस के बेटे यूताम को महल पर मुक़र्रर किया गया, और वही उम्मत पर हुकूमत करने लगा।

22बाक़ी जो कुछ उज़्ज़ियाह की हुकूमत के दौरान शुरू से ले कर आख़िर तक हुआ वह आमूस के बेटे यसायाह नबी ने क़लमबन्द किया है।

23जब उज़्ज़ियाह मर कर अपने बापदादा से जा मिला तो उसे कोढ़ की वजह से दूसरे बादशाहों के साथ नहीं दफ़नाया गया बल्कि क़रीब के एक खेत में जो शाही ख़ानदान का था। फिर उस का बेटा यूताम तख़्तनशीन हुआ।