सबा की मलिका सुलैमान से मिलती है
1सुलैमान की शोहरत सबा की मलिका तक पहुँच गई। जब उस ने उस के बारे में सुना तो वह सुलैमान से मिलने के लिए रवाना हुई ताकि उसे मुश्किल पहेलियाँ पेश करके उस की दानिशमन्दी जाँच ले। वह निहायत बड़े क़ाफ़िले के साथ यरूशलम पहुँची जिस के ऊँट बल्सान, कस्रत के सोने और क़ीमती जवाहिर से लदे हुए थे।
2सुलैमान उस के हर सवाल का जवाब दे सका। कोई भी बात इतनी पेचीदा नहीं थी कि वह उस का मतलब मलिका को बता न सकता।
3सबा की मलिका सुलैमान की हिक्मत और उस के नए महल से बहुत मुतअस्सिर हुई।
4उस ने बादशाह की मेज़ों पर के मुख़्तलिफ़ खाने देखे और यह कि उस के अफ़्सर किस तरतीब से उस पर बिठाए जाते थे। उस ने बैरों की ख़िदमत, उन की शानदार वर्दियों और साक़ियों की शानदार वर्दियों पर भी ग़ौर किया। जब उस ने इन बातों के इलावा भस्म होने वाली वह क़ुर्बानियाँ भी देखीं जो सुलैमान रब के घर में चढ़ाता था तो मलिका हक्का-बक्का रह गई।
5वह बोल उठी, “वाक़ई, जो कुछ मैं ने अपने मुल्क में आप के शाहकारों और हिक्मत के बारे में सुना था वह दुरुस्त है।
6जब तक मैं ने ख़ुद आ कर यह सब कुछ अपनी आँखों से न देखा मुझे यक़ीन नहीं आता था। लेकिन हक़ीक़त में मुझे आप की ज़बरदस्त हिक्मत के बारे में आधा भी नहीं बताया गया था। वह उन रिपोर्टों से कहीं ज़्यादा है जो मुझ तक पहुँची थीं।
7आप के लोग कितने मुबारक हैं! आप के अफ़्सर कितने मुबारक हैं जो मुसलसल आप के सामने खड़े रहते और आप की दानिश भरी बातें सुनते हैं!
8रब आप के ख़ुदा की तम्जीद हो जिस ने आप को पसन्द करके अपने तख़्त पर बिठाया ताकि रब अपने ख़ुदा की ख़ातिर हुकूमत करें। आप का ख़ुदा इस्राईल से मुहब्बत रखता है, और वह उसे अबद तक क़ाइम रखना चाहता है, इसी लिए उस ने आप को उन का बादशाह बना दिया है ताकि इन्साफ़ और रास्तबाज़ी क़ाइम रखें।”
9फिर मलिका ने सुलैमान को तक़रीबन 4,000 किलोग्राम सोना, बहुत ज़्यादा बल्सान और जवाहिर दे दिए। पहले कभी भी उतना बल्सान इस्राईल में नहीं लाया गया था जितना उस वक़्त सबा की मलिका लाई।
10हीराम और सुलैमान के आदमी ओफ़ीर से न सिर्फ़ सोना लाए बल्कि उन्हों ने क़ीमती लकड़ी और जवाहिर भी इस्राईल तक पहुँचाए।
11जितनी क़ीमती लकड़ी उन दिनों में यहूदाह में दरआमद हुई उतनी पहले कभी वहाँ लाई नहीं गई थी। इस लकड़ी से बादशाह ने रब के घर और अपने महल के लिए सीढ़ियाँ बनवाईं। यह मौसीक़ारों के सरोद और सितार बनाने के लिए भी इस्तेमाल हुई।
12सुलैमान बादशाह ने अपनी तरफ़ से सबा की मलिका को बहुत से तोह्फ़े दिए। यह उन चीज़ों से ज़्यादा थे जो मलिका अपने मुल्क से उस के पास लाई थी। जो भी मलिका चाहती थी या उस ने माँगा वह उसे दिया गया। फिर वह अपने नौकर-चाकरों और अफ़्सरों के हमराह अपने वतन वापस चली गई।
सुलैमान की दौलत और शोहरत
13जो सोना सुलैमान को सालाना मिलता था उस का वज़न तक़रीबन 23,000 किलोग्राम था।
14इस में वह टैक्स शामिल नहीं थे जो उसे सौदागरों, ताजिरों, अरब बादशाहों और ज़िलओं के अफ़्सरों से मिलते थे। यह उसे सोना और चाँदी देते थे।
15सुलैमान बादशाह ने 200 बड़ी और 300 छोटी ढालें बनवाईं। उन पर सोना मंढा गया। हर बड़ी ढाल के लिए तक़रीबन 7 किलोग्राम सोना इस्तेमाल हुआ और हर छोटी ढाल के लिए साढ़े 3 किलोग्राम। सुलैमान ने उन्हें ‘लुबनान का जंगल’ नामी महल में मह्फ़ूज़ रखा।
17इन के इलावा बादशाह ने हाथीदाँत से आरास्ता एक बड़ा तख़्त बनवाया जिस पर ख़ालिस सोना चढ़ाया गया।
18उस के हर बाज़ू के साथ शेरबबर का मुजस्समा था। तख़्त कुछ ऊँचा था, और बादशाह छः पाए वाली सीढ़ी पर चढ़ कर उस पर बैठता था। दाईं और बाईं तरफ़ हर पाए पर शेरबबर का मुजस्समा था। पाँओ के लिए सोने की चौकी बनाई गई थी। इस क़िस्म का तख़्त किसी और सल्तनत में नहीं पाया जाता था।
20सुलैमान के तमाम प्याले सोने के थे, बल्कि ‘लुबनान का जंगल’ नामी महल में तमाम बर्तन ख़ालिस सोने के थे। कोई भी चीज़ चाँदी की नहीं थी, क्यूँकि सुलैमान के ज़माने में चाँदी की कोई क़दर नहीं थी।
21बादशाह के अपने बहरी जहाज़ थे जो हीराम के बन्दों के साथ मिल कर मुख़्तलिफ़ जगहों पर जाते थे। हर तीन साल के बाद वह सोने-चाँदी, हाथीदाँत, बन्दरों और मोरों से लदे हुए वापस आते थे।
22सुलैमान की दौलत और हिक्मत दुनिया के तमाम बादशाहों से कहीं ज़्यादा थी।
23दुनिया के तमाम बादशाह उस से मिलने की कोशिश करते रहे ताकि वह हिक्मत सुन लें जो अल्लाह ने उस के दिल में डाल दी थी।
24साल-ब-साल जो भी सुलैमान के दरबार में आता वह कोई न कोई तोह्फ़ा लाता। यूँ उसे सोने-चाँदी के बर्तन, क़ीमती लिबास, हथियार, बल्सान, घोड़े और ख़च्चर मिलते रहे।
25घोड़ों और रथों को रखने के लिए सुलैमान के 4,000 थान थे। उस के 12,000 घोड़े थे। कुछ उस ने रथों के लिए मख़्सूस किए गए शहरों में और कुछ यरूशलम में अपने पास रखे।
26सुलैमान उन तमाम बादशाहों का हुक्मरान था जो दरया-ए-फ़ुरात से ले कर फ़िलिस्तियों के मुल्क की मिस्री सरहद तक हुकूमत करते थे।
27बादशाह की सरगर्मियों के बाइस चाँदी पत्थर जैसी आम हो गई और देवदार की क़ीमती लकड़ी मग़रिब के नशेबी पहाड़ी इलाक़े की अन्जीर-तूत की सस्ती लकड़ी जैसी आम हो गई।
28बादशाह के घोड़े मिस्र और दीगर कई मुल्कों से दरआमद होते थे।
सुलैमान की मौत
29सुलैमान की ज़िन्दगी के बारे में मज़ीद बातें शुरू से ले कर आख़िर तक ‘नातन नबी की तारीख़,’ सैला के रहने वाले नबी अख़ियाह की किताब ‘अख़ियाह की नबुव्वत’ और यरुबिआम बिन नबात से मुताल्लिक़ किताब ‘इद्दू ग़ैबबीन की रोयाएँ’ में दर्ज हैं।
30सुलैमान 40 साल के दौरान पूरे इस्राईल पर हुकूमत करता रहा। उस का दार-उल-हुकूमत यरूशलम था।
31जब वह मर कर अपने बापदादा से जा मिला तो उसे यरूशलम के उस हिस्से में दफ़न किया गया जो ‘दाऊद का शहर’ कहलाता है। फिर उस का बेटा रहुबिआम तख़्तनशीन हुआ।