२-समूएल 12:1-31 DGV - Bible AI

नातन दाऊद को मुजरिम ठहराता है

1रब ने नातन नबी को दाऊद के पास भेज दिया। बादशाह के पास पहुँच कर वह कहने लगा, “किसी शहर में दो आदमी रहते थे। एक अमीर था, दूसरा ग़रीब।

2अमीर की बहुत भेड़-बकरियाँ और गाय-बैल थे,

3लेकिन ग़रीब के पास कुछ नहीं था, सिर्फ़ भेड़ की नन्ही सी बच्ची जो उस ने ख़रीद रखी थी। ग़रीब उस की परवरिश करता रहा, और वह घर में उस के बच्चों के साथ साथ बड़ी होती गई। वह उस की प्लेट से खाती, उस के प्याले से पीती और रात को उस के बाज़ूओं में सो जाती। ग़रज़ भेड़ ग़रीब के लिए बेटी की सी हैसियत रखती थी।

4एक दिन अमीर के हाँ मेहमान आया। जब उस के लिए खाना पकाना था तो अमीर का दिल नहीं करता था कि अपने रेवड़ में से किसी जानवर को ज़बह करे, इस लिए उस ने ग़रीब आदमी से उस की नन्ही सी भेड़ ले कर उसे मेहमान के लिए तय्यार किया।”

5यह सुन कर दाऊद को बड़ा ग़ुस्सा आया। वह पुकारा, “रब की हयात की क़सम, जिस आदमी ने यह किया वह सज़ा-ए-मौत के लाइक़ है।

6लाज़िम है कि वह भेड़ की बच्ची के इवज़ ग़रीब को भेड़ के चार बच्चे दे। यही उस की मुनासिब सज़ा है, क्यूँकि उस ने ऐसी हरकत करके ग़रीब पर तरस न खाया।”

7नातन ने दाऊद से कहा, “आप ही वह आदमी हैं! रब इस्राईल का ख़ुदा फ़रमाता है, ‘मैं ने तुझे मसह करके इस्राईल का बादशाह बना दिया, और मैं ही ने तुझे साऊल से मह्फ़ूज़ रखा।

8साऊल का घराना उस की बीवियों समेत मैं ने तुझे दे दिया। हाँ, पूरा इस्राईल और यहूदाह भी तेरे तहत आ गए हैं। और अगर यह तेरे लिए कम होता तो मैं तुझे मज़ीद देने के लिए भी तय्यार होता।

9अब मुझे बता कि तू ने मेरी मर्ज़ी को हक़ीर जान कर ऐसी हरकत क्यूँ की है जिस से मुझे नफ़रत है? तू ने ऊरियाह हित्ती को क़त्ल करवा के उस की बीवी को छीन लिया है। हाँ, तू क़ातिल है, क्यूँकि तू ने हुक्म दिया कि ऊरियाह को अम्मोनियों से लड़ते लड़ते मरवाना है।

10चूँकि तू ने मुझे हक़ीर जान कर ऊरियाह हित्ती की बीवी को उस से छीन लिया इस लिए आइन्दा तलवार तेरे घराने से नहीं हटेगी।’

11रब फ़रमाता है, ‘मैं होने दूँगा कि तेरे अपने ख़ानदान में से मुसीबत तुझ पर आएगी। तेरे देखते देखते मैं तेरी बीवियों को तुझ से छीन कर तेरे क़रीब के आदमी के हवाले कर दूँगा, और वह अलानिया उन से हमबिसतर होगा।

12तू ने चुपके से गुनाह किया, लेकिन जो कुछ मैं जवाब में होने दूँगा वह अलानिया और पूरे इस्राईल के देखते देखते होगा’।”

13तब दाऊद ने इक़्रार किया, “मैं ने रब का गुनाह किया है।” नातन ने जवाब दिया, “रब ने आप को मुआफ़ कर दिया है और आप नहीं मरेंगे।

14लेकिन इस हरकत से आप ने रब के दुश्मनों को कुफ़्र बकने का मौक़ा फ़राहम किया है, इस लिए बत-सबा से होने वाला बेटा मर जाएगा।”

15तब नातन अपने घर चला गया। फिर रब ने बत-सबा के बेटे को छू दिया, और वह सख़्त बीमार हो गया।

दाऊद का बेटा मर जाता है

16दाऊद ने अल्लाह से इल्तिमास की कि बच्चे को बचने दे। रोज़ा रख कर वह रात के वक़्त नंगे फ़र्श पर सोने लगा।

17घर के बुज़ुर्ग उस के इर्दगिर्द खड़े कोशिश करते रहे कि वह फ़र्श से उठ जाए, लेकिन बेफ़ाइदा। वह उन के साथ खाने के लिए भी तय्यार नहीं था।

18सातवें दिन बेटा फ़ौत हो गया। दाऊद के मुलाज़िमों ने उसे ख़बर पहुँचाने की जुरअत न की, क्यूँकि उन्हों ने सोचा, “जब बच्चा अभी ज़िन्दा था तो हम ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन उस ने हमारी एक भी न सुनी। अब अगर बच्चे की मौत की ख़बर दें तो ख़तरा है कि वह कोई नुक़्सानदेह क़दम उठाए।”

19लेकिन दाऊद ने देखा कि मुलाज़िम धीमी आवाज़ में एक दूसरे से बात कर रहे हैं। उस ने पूछा, “क्या बेटा मर गया है?” उन्हों ने जवाब दिया, “जी, वह मर गया है।”

20यह सुन कर दाऊद फ़र्श पर से उठ गया। वह नहाया और जिस्म को ख़ुश्बूदार तेल से मल कर साफ़ कपड़े पहन लिए। फिर उस ने रब के घर में जा कर उस की परस्तिश की। इस के बाद वह महल में वापस गया और खाना मंगवा कर खाया।

21उस के मुलाज़िम हैरान हुए और बोले, “जब बच्चा ज़िन्दा था तो आप रोज़ा रख कर रोते रहे। अब बच्चा जाँ-ब-हक़ हो गया है तो आप उठ कर दुबारा खाना खा रहे हैं। क्या वजह है?”

22दाऊद ने जवाब दिया, “जब तक बच्चा ज़िन्दा था तो मैं रोज़ा रख कर रोता रहा। ख़याल यह था कि शायद रब मुझ पर रहम करके उसे ज़िन्दा छोड़ दे।

23लेकिन जब वह कूच कर गया है तो अब रोज़ा रखने का क्या फ़ाइदा? क्या मैं इस से उसे वापस ला सकता हूँ? हरगिज़ नहीं! एक दिन मैं ख़ुद ही उस के पास पहुँचूँगा। लेकिन उस का यहाँ मेरे पास वापस आना नामुमकिन है।”

24फिर दाऊद ने अपनी बीवी बत-सबा के पास जा कर उसे तसल्ली दी और उस से हमबिसतर हुआ। तब उस के एक और बेटा पैदा हुआ। दाऊद ने उस का नाम सुलैमान यानी अम्नपसन्द रखा। यह बच्चा रब को प्यारा था,

25इस लिए उस ने नातन नबी की मारिफ़त इत्तिला दी कि उस का नाम यदीदियाह यानी ‘रब को प्यारा’ रखा जाए।

रब्बा शहर पर फ़त्ह

26अब तक योआब अम्मोनी दार-उल-हुकूमत रब्बा का मुहासरा किए हुए था। फिर वह शहर के एक हिस्से बनाम ‘शाही शहर’ पर क़ब्ज़ा करने में कामयाब हो गया।

27उस ने दाऊद को इत्तिला दी, “मैं ने रब्बा पर हम्ला करके उस जगह पर क़ब्ज़ा कर लिया है जहाँ पानी दस्तयाब है।

28चुनाँचे अब फ़ौज के बाक़ी अफ़राद को ला कर ख़ुद शहर पर क़ब्ज़ा कर लें। वर्ना लोग समझेंगे कि मैं ही शहर का फ़ातेह हूँ।”

29चुनाँचे दाऊद फ़ौज के बाक़ी अफ़राद को ले कर रब्बा पहुँचा। जब शहर पर हम्ला किया तो वह उस के क़ब्ज़े में आ गया।

30दाऊद ने हनून बादशाह का ताज उस के सर से उतार कर अपने सर पर रख लिया। सोने के इस ताज का वज़न 34 किलोग्राम था, और उस में एक बेशक़ीमत जौहर जड़ा हुआ था। दाऊद ने शहर से बहुत सा लूटा हुआ माल ले कर

31उस के बाशिन्दों को ग़ुलाम बना लिया। उन्हें पत्थर काटने की आरियाँ, लोहे की कुदालें और कुल्हाड़ियाँ दी गईं ताकि वह मज़दूरी करें और भट्टों पर काम करें। यही सुलूक बाक़ी अम्मोनी शहरों के बाशिन्दों के साथ भी किया गया।

31जंग के इख़तिताम पर दाऊद पूरी फ़ौज के साथ यरूशलम लौट आया।