२-सलातीन 1:1-18 DGV - Bible AI

अख़ज़ियाह के लिए इल्यास का पैग़ाम

1अख़ियब की मौत के बाद मोआब का मुल्क बाग़ी हो कर इस्राईल के ताबे न रहा।

2सामरिया के शाही महल के बालाख़ाने की एक दीवार में जंगला लगा था। एक दिन अख़ज़ियाह बादशाह जंगले के साथ लग गया तो वह टूट गया और बादशाह ज़मीन पर गिर कर बहुत ज़ख़्मी हुआ। उस ने क़ासिदों को फ़िलिस्ती शहर अक़्रून भेज कर कहा, “जा कर अक़्रून के देवता बाल-ज़बूब से पता करें कि मेरी सेहत बहाल हो जाएगी कि नहीं।”

3तब रब के फ़रिश्ते ने इल्यास तिश्बी को हुक्म दिया, “उठ, सामरिया के बादशाह के क़ासिदों से मिलने जा। उन से पूछ, ‘आप दरयाफ़्त करने के लिए अक़्रून के देवता बाल-ज़बूब के पास क्यूँ जा रहे हैं? क्या इस्राईल में कोई ख़ुदा नहीं है?

4चुनाँचे रब फ़रमाता है कि ऐ अख़ज़ियाह, जिस बिस्तर पर तू पड़ा है उस से तू कभी नहीं उठने का। तू यक़ीनन मर जाएगा’।”

4इल्यास जा कर क़ासिदों से मिला।

5उस का पैग़ाम सुन कर क़ासिद बादशाह के पास वापस गए। उस ने पूछा, “आप इतनी जल्दी वापस क्यूँ आए?”

6उन्हों ने जवाब दिया, “एक आदमी हम से मिलने आया जिस ने हमें आप के पास वापस भेज कर आप को यह ख़बर पहुँचाने को कहा, ‘रब फ़रमाता है कि तू अपने बारे में दरयाफ़्त करने के लिए अपने बन्दों को अक़्रून के देवता बाल-ज़बूब के पास क्यूँ भेज रहा है? क्या इस्राईल में कोई ख़ुदा नहीं है? चूँकि तू ने यह किया है इस लिए जिस बिस्तर पर तू पड़ा है उस से तू कभी नहीं उठने का। तू यक़ीनन मर जाएगा’।”

7अख़ज़ियाह ने पूछा, “यह किस क़िस्म का आदमी था जिस ने आप से मिल कर आप को यह बात बताई?”

8उन्हों ने जवाब दिया, “उस के लम्बे बाल थे, और कमर में चमड़े की पेटी बंधी हुई थी।” बादशाह बोल उठा, “यह तो इल्यास तिश्बी था!”

आसमान से आग

9फ़ौरन उस ने एक अफ़्सर को 50 फ़ौजियों समेत इल्यास के पास भेज दिया। जब फ़ौजी इल्यास के पास पहुँचे तो वह एक पहाड़ी की चोटी पर बैठा था। अफ़्सर बोला, “ऐ मर्द-ए-ख़ुदा, बादशाह कहते हैं कि नीचे उतर आएँ!”

10इल्यास ने जवाब दिया, “अगर मैं मर्द-ए-ख़ुदा हूँ तो आसमान से आग नाज़िल हो कर आप और आप के 50 फ़ौजियों को भस्म कर दे।” फ़ौरन आसमान से आग नाज़िल हुई और अफ़्सर को उस के लोगों समेत भस्म कर दिया।

11बादशाह ने एक और अफ़्सर को इल्यास के पास भेज दिया। उस के साथ भी 50 फ़ौजी थे। उस के पास पहुँच कर अफ़्सर बोला, “ऐ मर्द-ए-ख़ुदा, बादशाह कहते हैं कि फ़ौरन उतर आएँ।”

12इल्यास ने दुबारा पुकारा, “अगर मैं मर्द-ए-ख़ुदा हूँ तो आसमान से आग नाज़िल हो कर आप और आप के 50 फ़ौजियों को भस्म कर दे।” फ़ौरन आसमान से अल्लाह की आग नाज़िल हुई और अफ़्सर को उस के 50 फ़ौजियों समेत भस्म कर दिया।

13फिर बादशाह ने तीसरी बार एक अफ़्सर को 50 फ़ौजियों के साथ इल्यास के पास भेज दिया। लेकिन यह अफ़्सर इल्यास के पास ऊपर चढ़ आया और उस के सामने घुटने टेक कर इल्तिमास करने लगा, “ऐ मर्द-ए-ख़ुदा, मेरी और अपने इन 50 ख़ादिमों की जानों की क़दर करें।

14देखें, आग ने आसमान से नाज़िल हो कर पहले दो अफ़्सरों को उन के आदमियों समेत भस्म कर दिया है। लेकिन बराह-ए-करम हमारे साथ ऐसा न करें। मेरी जान की क़दर करें।”

15तब रब के फ़रिश्ते ने इल्यास से कहा, “इस से मत डरना बल्कि इस के साथ उतर जा!” चुनाँचे इल्यास उठा और अफ़्सर के साथ उतर कर बादशाह के पास गया।

16उस ने बादशाह से कहा, “रब फ़रमाता है, ‘तू ने अपने क़ासिदों को अक़्रून के देवता बाल-ज़बूब से दरयाफ़्त करने के लिए क्यूँ भेजा? क्या इस्राईल में कोई ख़ुदा नहीं है? चूँकि तू ने यह किया है इस लिए जिस बिस्तर पर तू पड़ा है उस से तू कभी नहीं उठने का। तू यक़ीनन मर जाएगा’।”

अख़ज़ियाह की मौत

17वैसा ही हुआ जैसा रब ने इल्यास की मारिफ़त फ़रमाया था, अख़ज़ियाह मर गया। चूँकि उस का बेटा नहीं था इस लिए उस का भाई यहूराम यहूदाह के बादशाह यूराम बिन यहूसफ़त की हुकूमत के दूसरे साल में तख़्तनशीन हुआ।

18बाक़ी जो कुछ अख़ज़ियाह की हुकूमत के दौरान हुआ और जो कुछ उस ने किया वह ‘शाहान-ए-इस्राईल की तारीख़’ की किताब में बयान किया गया है।