यहूदाह में अतलियाह की ज़ालिमाना हुकूमत
1जब अख़ज़ियाह की माँ अतलियाह को मालूम हुआ कि मेरा बेटा मर गया है तो वह अख़ज़ियाह की तमाम औलाद को क़त्ल करने लगी।
2लेकिन अख़ज़ियाह की सगी बहन यहूसबा ने अख़ज़ियाह के छोटे बेटे यूआस को चुपके से उन शहज़ादों में से निकाल लिया जिन्हें क़त्ल करना था और उसे उस की दाया के साथ एक स्टोर में छुपा दिया जिस में बिस्तर वग़ैरा मह्फ़ूज़ रखे जाते थे। इस तरह वह बच गया।
3बाद में यूआस को रब के घर में मुन्तक़िल किया गया जहाँ वह उस के साथ उन छः सालों के दौरान छुपा रहा जब अतलियाह मलिका थी।
अतलियाह का अन्जाम और यूआस बादशाह बन जाता है
4अतलियाह की हुकूमत के सातवें साल में यहोयदा इमाम ने सौ सौ सिपाहियों पर मुक़र्रर अफ़्सरों, कारी नामी दस्तों और शाही मुहाफ़िज़ों को रब के घर में बुला लिया। वहाँ उस ने क़सम खिला कर उन से अह्द बांधा। फिर उस ने बादशाह के बेटे यूआस को पेश करके
5उन्हें हिदायत की, “अगले सबत के दिन आप में से जितने ड्यूटी पर आएँगे वह तीन हिस्सों में तक़्सीम हो जाएँ। एक हिस्सा शाही महल पर पहरा दे,
6दूसरा सूर नामी दरवाज़े पर और तीसरा शाही मुहाफ़िज़ों के पीछे के दरवाज़े पर। यूँ आप रब के घर की हिफ़ाज़त करेंगे।
7दूसरे दो गुरोह जो सबत के दिन ड्यूटी नहीं करते उन्हें रब के घर में आ कर यूआस बादशाह की पहरादारी करनी है।
8वह उस के इर्दगिर्द दाइरा बना कर अपने हथियारों को पकड़े रखें और जहाँ भी वह जाए उसे घेरे रखें। जो भी इस दाइरे में घुसने की कोशिश करे उसे मार डालना।”
9सौ सौ सिपाहियों पर मुक़र्रर अफ़्सरों ने ऐसा ही किया। अगले सबत के दिन वह सब अपने फ़ौजियों समेत यहोयदा इमाम के पास आए। वह भी आए जो ड्यूटी पर थे और वह भी जिन की अब छुट्टी थी।
10इमाम ने अफ़्सरों को दाऊद बादशाह के वह नेज़े और ढालें दीं जो अब तक रब के घर में मह्फ़ूज़ रखी हुई थीं।
11फिर मुहाफ़िज़ हथियारों को हाथ में पकड़े बादशाह के गिर्द खड़े हो गए। क़ुर्बानगाह और रब के घर के दरमियान उन का दाइरा रब के घर की जुनूबी दीवार से ले कर उस की शिमाली दीवार तक फैला हुआ था।
12फिर यहोयदा बादशाह के बेटे यूआस को बाहर लाया और उस के सर पर ताज रख कर उसे क़वानीन की किताब दे दी। यूँ यूआस को बादशाह बना दिया गया। उन्हों ने उसे मसह करके तालियाँ बजाईं और बुलन्द आवाज़ से नारा लगाने लगे, “बादशाह ज़िन्दाबाद!”
13जब मुहाफ़िज़ों और बाक़ी लोगों का शोर अतलियाह तक पहुँचा तो वह रब के घर के सहन में उन के पास आई।
14वहाँ पहुँच कर वह क्या देखती है कि नया बादशाह उस सतून के पास खड़ा है जहाँ बादशाह रिवाज के मुताबिक़ खड़ा होता है, और वह अफ़्सरों और तुरम बजाने वालों से घिरा हुआ है। तमाम उम्मत भी साथ खड़ी तुरम बजा बजा कर ख़ुशी मना रही है। अतलियाह रंजिश के मारे अपने कपड़े फाड़ कर चीख़ उठी, “ग़द्दारी, ग़द्दारी!”
15यहोयदा इमाम ने सौ सौ फ़ौजियों पर मुक़र्रर उन अफ़्सरों को बुलाया जिन के सपुर्द फ़ौज की गई थी और उन्हें हुक्म दिया, “उसे बाहर ले जाएँ, क्यूँकि मुनासिब नहीं कि उसे रब के घर के पास मारा जाए। और जो भी उस के पीछे आए उसे तलवार से मार देना।”
16वह अतलियाह को पकड़ कर उस रास्ते पर ले गए जिस पर चलते हुए घोड़े महल के पास पहुँचते हैं। वहाँ उसे मार दिया गया।
17फिर यहोयदा ने बादशाह और क़ौम के साथ मिल कर रब से अह्द बांध कर वादा किया कि हम रब की क़ौम रहेंगे। इस के इलावा बादशाह ने यहोयदा की मारिफ़त क़ौम से भी अह्द बांधा।
18इस के बाद उम्मत के तमाम लोग बाल के मन्दिर पर टूट पड़े और उसे ढा दिया। उस की क़ुर्बानगाहों और बुतों को टुकड़े टुकड़े करके उन्हों ने बाल के पुजारी मत्तान को क़ुर्बानगाहों के सामने ही मार डाला।
19यहोयदा सौ सौ फ़ौजियों पर मुक़र्रर अफ़्सरों, कारी नामी दस्तों, महल के मुहाफ़िज़ों और बाक़ी पूरी उम्मत के हमराह जुलूस निकाल कर बादशाह को रब के घर से महल में ले गया। वह मुहाफ़िज़ों के दरवाज़े से हो कर दाख़िल हुए। बादशाह शाही तख़्त पर बैठ गया,
20और तमाम उम्मत ख़ुशी मनाती रही। यूँ यरूशलम शहर को सुकून मिला, क्यूँकि अतलियाह को महल के पास तलवार से मार दिया गया था।
यहूदाह का बादशाह यूआस
21यूआस सात साल का था जब तख़्तनशीन हुआ।