२-सलातीन 17:1-41 DGV - Bible AI

इस्राईल का आख़िरी बादशाह होसेअ

1होसेअ बिन ऐला यहूदाह के बादशाह आख़ज़ की हुकूमत के 12वें साल में इस्राईल का बादशाह बना। सामरिया उस का दार-उल-हुकूमत रहा, और उस की हुकूमत का दौरानिया 9 साल था।

2होसेअ का चाल-चलन रब को नापसन्द था, लेकिन इस्राईल के उन बादशाहों की निस्बत जो उस से पहले थे वह कुछ बेहतर था।

3एक दिन असूर के बादशाह सल्मनसर ने इस्राईल पर हम्ला किया। तब होसेअ शिकस्त मान कर उस के ताबे हो गया। उसे असूर को ख़राज अदा करना पड़ा।

4लेकिन चन्द साल के बाद वह सरकश हो गया। उस ने ख़राज का सालाना सिलसिला बन्द करके अपने सफ़ीरों को मिस्र के बादशाह सो के पास भेजा ताकि उस से मदद हासिल करे। जब असूर के बादशाह को पता चला तो उस ने उसे पकड़ कर जेल में डाल दिया।

सामरिया का अन्जाम

5सल्मनसर पूरे मुल्क में से गुज़र कर सामरिया तक पहुँच गया। तीन साल तक उसे शहर का मुहासरा करना पड़ा,

6लेकिन आख़िरकार वह होसेअ की हुकूमत के नवें साल में कामयाब हुआ और शहर पर क़ब्ज़ा करके इस्राईलियों को जिलावतन कर दिया। उन्हें असूर ला कर उस ने कुछ ख़लह के इलाक़े में, कुछ जौज़ान के दरया-ए-ख़ाबूर के किनारे पर और कुछ मादियों के शहरों में बसाए।

7यह सब कुछ इस लिए हुआ कि इस्राईलियों ने रब अपने ख़ुदा का गुनाह किया था, हालाँकि वह उन्हें मिस्री बादशाह फ़िरऔन के क़ब्ज़े से रिहा करके मिस्र से निकाल लाया था। वह दीगर माबूदों की पूजा करते

8और उन क़ौमों के रस्म-ओ-रिवाज की पैरवी करते जिन को रब ने उन के आगे से निकाल दिया था। साथ साथ वह उन रस्मों से भी लिपटे रहे जो इस्राईल के बादशाहों ने शुरू की थीं।

9इस्राईलियों को रब अपने ख़ुदा के ख़िलाफ़ बहुत तरकीबें सूझीं जो ठीक नहीं थीं। सब से छोटी चौकी से ले कर बड़े से बड़े क़िलाबन्द शहर तक उन्हों ने अपने तमाम शहरों की ऊँची जगहों पर मन्दिर बनाए।

10हर पहाड़ी की चोटी पर और हर घने दरख़्त के साय में उन्हों ने पत्थर के अपने देवताओं के सतून और यसीरत देवी के खम्बे खड़े किए।

11हर ऊँची जगह पर वह बख़ूर जला देते थे, बिलकुल उन अक़्वाम की तरह जिन्हें रब ने उन के आगे से निकाल दिया था। ग़रज़ इस्राईलियों से बहुत सी ऐसी शरीर हरकतें सरज़द हुईं जिन को देख कर रब को ग़ुस्सा आया।

12वह बुतों की परस्तिश करते रहे अगरचे रब ने इस से मना किया था।

13बार बार रब ने अपने नबियों और ग़ैबबीनों को इस्राईल और यहूदाह के पास भेजा था ताकि उन्हें आगाह करें, “अपनी शरीर राहों से बाज़ आओ। मेरे अह्काम और क़वाइद के ताबे रहो। उस पूरी शरीअत की पैरवी करो जो मैं ने तुम्हारे बापदादा को अपने ख़ादिमों यानी नबियों के वसीले से दे दी थी।”

14लेकिन वह सुनने के लिए तय्यार नहीं थे बल्कि अपने बापदादा की तरह अड़ गए, क्यूँकि वह भी रब अपने ख़ुदा पर भरोसा नहीं करते थे।

15उन्हों ने उस के अह्काम और उस अह्द को रद्द किया जो उस ने उन के बापदादा से बांधा था। जब भी उस ने उन्हें किसी बात से आगाह किया तो उन्हों ने उसे हक़ीर जाना। बेकार बुतों की पैरवी करते करते वह ख़ुद बेकार हो गए। वह गिर्द-ओ-नवाह की क़ौमों के नमूने पर चल पड़े हालाँकि रब ने इस से मना किया था।

16रब अपने ख़ुदा के तमाम अह्काम को मुस्तरद करके उन्हों ने अपने लिए बछड़ों के दो मुजस्समे ढाल लिए और यसीरत देवी का खम्बा खड़ा कर दिया। वह सूरज, चाँद बल्कि आसमान के पूरे लश्कर के सामने झुक गए और बाल देवता की परस्तिश करने लगे।

17अपने बेटे-बेटियों को उन्हों ने अपने बुतों के लिए क़ुर्बान करके जला दिया। नुजूमियों से मश्वरा लेना और जादूगरी करना आम हो गया। ग़रज़ उन्हों ने अपने आप को बदी के हाथ में बेच कर ऐसा काम किया जो रब को नापसन्द था और जो उसे ग़ुस्सा दिलाता रहा।

18तब रब का ग़ज़ब इस्राईल पर नाज़िल हुआ, और उस ने उन्हें अपने हुज़ूर से ख़ारिज कर दिया। सिर्फ़ यहूदाह का क़बीला मुल्क में बाक़ी रह गया।

19लेकिन यहूदाह के अफ़राद भी रब अपने ख़ुदा के अह्काम के ताबे रहने के लिए तय्यार नहीं थे। वह भी उन बुरे रस्म-ओ-रिवाज की पैरवी करते रहे जो इस्राईल ने शुरू किए थे।

20फिर रब ने पूरी की पूरी क़ौम को रद्द कर दिया। उन्हें तंग करके वह उन्हें लुटेरों के हवाले करता रहा, और एक दिन उस ने उन्हें भी अपने हुज़ूर से ख़ारिज कर दिया।

21रब ने ख़ुद इस्राईल के शिमाली क़बीलों को दाऊद के घराने से अलग कर दिया था, और उन्हों ने यरुबिआम बिन नबात को अपना बादशाह बना लिया था। लेकिन यरुबिआम ने इस्राईल को एक संगीन गुनाह करने पर उकसा कर रब की पैरवी करने से दूर किए रखा।

22इस्राईली यरुबिआम के बुरे नमूने पर चलते रहे और कभी इस से बाज़ न आए।

23यही वजह है कि जो कुछ रब ने अपने ख़ादिमों यानी नबियों की मारिफ़त फ़रमाया था वह पूरा हुआ। उस ने उन्हें अपने हुज़ूर से ख़ारिज कर दिया, और दुश्मन उन्हें क़ैदी बना कर असूर ले गया जहाँ वह आज तक ज़िन्दगी गुज़ारते हैं।

सामरिया में अजनबी क़ौमों को आबाद किया जाता है

24असूर के बादशाह ने बाबल, कूता, अव्वा, हमात और सिफ़र्वाइम से लोगों को इस्राईल में ला कर सामरिया के इस्राईलियों से ख़ाली किए गए शहरों में बसा दिया। यह लोग सामरिया पर क़ब्ज़ा करके उस के शहरों में बसने लगे।

25लेकिन आते वक़्त वह रब की परस्तिश नहीं करते थे, इस लिए रब ने उन के दरमियान शेरबबर भेज दिए जिन्हों ने कई एक को फाड़ डाला।

26असूर के बादशाह को इत्तिला दी गई, “जिन लोगों को आप ने जिलावतन करके सामरिया के शहरों में बसा दिया है वह नहीं जानते कि उस मुल्क का देवता किन किन बातों का तक़ाज़ा करता है। नतीजे में उस ने उन के दरमियान शेरबबर भेज दिए हैं जो उन्हें फाड़ रहे हैं। और वजह यही है कि वह उस की सहीह पूजा करने से वाक़िफ़ नहीं हैं।”

27यह सुन कर असूर के बादशाह ने हुक्म दिया, “सामरिया से यहाँ लाए गए इमामों में से एक को चुन लो जो अपने वतन लौट कर वहाँ दुबारा आबाद हो जाए और लोगों को सिखाए कि उस मुल्क का देवता अपनी पूजा के लिए किन किन बातों का तक़ाज़ा करता है।”

28तब एक इमाम जिलावतनी से वापस आया। बैत-एल में आबाद हो कर उस ने नए बाशिन्दों को सिखाया कि रब की मुनासिब इबादत किस तरह की जाती है।

29लेकिन साथ साथ वह अपने ज़ाती देवताओं की पूजा भी करते रहे। शहर-ब-शहर हर क़ौम ने अपने अपने बुत बना कर उन तमाम ऊँची जगहों के मन्दिरों में खड़े किए जो सामरिया के लोगों ने बना छोड़े थे।

30बाबल के बाशिन्दों ने सुक्कात-बनात के बुत, कूता के लोगों ने नैर्गल के मुजस्समे, हमात वालों ने असीमा के बुत

31और अव्वा के लोगों ने निब्हाज़ और तर्ताक़ के मुजस्समे खड़े किए। सिफ़र्वाइम के बाशिन्दे अपने बच्चों को अपने देवताओं अद्रम्मलिक और अनम्मलिक के लिए क़ुर्बान करके जला देते थे।

32ग़रज़ सब रब की परस्तिश के साथ साथ अपने देवताओं की पूजा भी करते और अपने लोगों में से मुख़्तलिफ़ क़िस्म के अफ़राद को चुन कर पुजारी मुक़र्रर करते थे ताकि वह ऊँची जगहों के मन्दिरों को सँभालें।

33वह रब की इबादत भी करते और साथ साथ अपने देवताओं की उन क़ौमों के रिवाजों के मुताबिक़ इबादत भी करते थे जिन में से उन्हें यहाँ लाया गया था।

34यह सिलसिला आज तक जारी है। सामरिया के बाशिन्दे अपने उन पुराने रिवाजों के मुताबिक़ ज़िन्दगी गुज़ारते हैं और सिर्फ़ रब की परस्तिश करने के लिए तय्यार नहीं होते। वह उस की हिदायात और अह्काम की परवा नहीं करते और उस शरीअत की पैरवी नहीं करते जो रब ने याक़ूब की औलाद को दी थी। (रब ने याक़ूब का नाम इस्राईल में बदल दिया था।)

35क्यूँकि रब ने इस्राईल की क़ौम के साथ अह्द बांध कर उसे हुक्म दिया था,

35“दूसरे किसी भी माबूद की इबादत मत करना! उन के सामने झुक कर उन की ख़िदमत मत करना, न उन्हें क़ुर्बानियाँ पेश करना।

36सिर्फ़ रब की परस्तिश करो जो बड़ी क़ुदरत और अज़ीम काम दिखा कर तुम्हें मिस्र से निकाल लाया। सिर्फ़ उसी के सामने झुक जाओ, सिर्फ़ उसी को अपनी क़ुर्बानियाँ पेश करो।

37लाज़िम है कि तुम ध्यान से उन तमाम हिदायात, अह्काम और क़वाइद की पैरवी करो जो मैं ने तुम्हारे लिए क़लमबन्द कर दिए हैं। किसी और देवता की पूजा मत करना।

38वह अह्द मत भूलना जो मैं ने तुम्हारे साथ बांध लिया है, और दीगर माबूदों की परस्तिश न करो।

39सिर्फ़ और सिर्फ़ रब अपने ख़ुदा की इबादत करो। वही तुम्हें तुम्हारे तमाम दुश्मनों के हाथ से बचा लेगा।”

40लेकिन लोग यह सुनने के लिए तय्यार नहीं थे बल्कि अपने पुराने रस्म-ओ-रिवाज के साथ लिपटे रहे।

41चुनाँचे रब की इबादत के साथ ही सामरिया के नए बाशिन्दे अपने बुतों की पूजा करते रहे। आज तक उन की औलाद यही कुछ करती आई है।