२-सलातीन 18:1-37 DGV - Bible AI

यहूदाह का बादशाह हिज़क़ियाह

1इस्राईल के बादशाह होसेअ बिन ऐला की हुकूमत के तीसरे साल में हिज़क़ियाह बिन आख़ज़ यहूदाह का बादशाह बना।

2उस वक़्त उस की उम्र 25 साल थी, और वह यरूशलम में रह कर 29 साल हुकूमत करता रहा। उस की माँ अबी बिन्त ज़करियाह थी।

3अपने बाप दाऊद की तरह उस ने ऐसा काम किया जो रब को पसन्द था।

4उस ने ऊँची जगहों के मन्दिरों को गिरा दिया, पत्थर के उन सतूनों को टुकड़े टुकड़े कर दिया जिन की पूजा की जाती थी और यसीरत देवी के खम्बों को काट डाला। पीतल का जो साँप मूसा ने बनाया था उसे भी बादशाह ने टुकड़े टुकड़े कर दिया, क्यूँकि इस्राईली उन अय्याम तक उस के सामने बख़ूर जलाने आते थे। (साँप नख़ुश्तान कहलाता था।)

5हिज़क़ियाह रब इस्राईल के ख़ुदा पर भरोसा रखता था। यहूदाह में न इस से पहले और न इस के बाद ऐसा बादशाह हुआ।

6वह रब के साथ लिपटा रहा और उस की पैरवी करने से कभी भी बाज़ न आया। वह उन अह्काम पर अमल करता रहा जो रब ने मूसा को दिए थे।

7इस लिए रब उस के साथ रहा। जब भी वह किसी मक़्सद के लिए निकला तो उसे कामयाबी हासिल हुई।

7चुनाँचे वह असूर की हुकूमत से आज़ाद हो गया और उस के ताबे न रहा।

8फ़िलिस्तियों को उस ने सब से छोटी चौकी से ले कर बड़े से बड़े क़िलाबन्द शहर तक शिकस्त दी और उन्हें मारते मारते ग़ज़्ज़ा शहर और उस के इलाक़े तक पहुँच गया।

असूरी इस्राईल पर क़ब्ज़ा करते हैं

9हिज़क़ियाह की हुकूमत के चौथे साल में और इस्राईल के बादशाह होसेअ की हुकूमत के सातवें साल में असूर के बादशाह सल्मनसर ने इस्राईल पर हम्ला किया। सामरिया शहर का मुहासरा करके

10वह तीन साल के बाद उस पर क़ब्ज़ा करने में कामयाब हुआ। यह हिज़क़ियाह की हुकूमत के छटे साल और इस्राईल के बादशाह होसेअ की हुकूमत के नवें साल में हुआ।

11असूर के बादशाह ने इस्राईलियों को जिलावतन करके कुछ ख़लह के इलाक़े में, कुछ जौज़ान के दरया-ए-ख़ाबूर के किनारे पर और कुछ मादियों के शहरों में बसाए।

12यह सब कुछ इस लिए हुआ कि वह रब अपने ख़ुदा के ताबे न रहे बल्कि उस के उन के साथ बंधे हुए अह्द को तोड़ कर उन तमाम अह्काम के फ़रमाँबरदार न रहे जो रब के ख़ादिम मूसा ने उन्हें दिए थे। न वह उन की सुनते और न उन पर अमल करते थे।

असूरी यरूशलम का मुहासरा करते हैं

13हिज़क़ियाह बादशाह की हुकूमत के 14वें साल में असूर के बादशाह सन्हेरिब ने यहूदाह के तमाम क़िलाबन्द शहरों पर धावा बोल कर उन पर क़ब्ज़ा कर लिया।

14जब असूर का बादशाह लकीस के आस-पास पहुँचा तो यहूदाह के बादशाह हिज़क़ियाह ने उसे इत्तिला दी, “मुझ से ग़लती हुई है। मुझे छोड़ दें तो जो कुछ भी आप मुझ से तलब करेंगे मैं आप को अदा करूँगा।”

14तब सन्हेरिब ने हिज़क़ियाह से चाँदी के तक़रीबन 10,000 किलोग्राम और सोने के तक़रीबन 1,000 किलोग्राम माँग लिया।

15हिज़क़ियाह ने उसे वह तमाम चाँदी दे दी जो रब के घर और शाही महल के ख़ज़ानों में पड़ी थी।

16सोने का तक़ाज़ा पूरा करने के लिए उस ने रब के घर के दरवाज़ों और चौखटों पर लगा सोना उतरवा कर उसे असूर के बादशाह को भेज दिया। यह सोना उस ने ख़ुद दरवाज़ों और चौखटों पर चढ़वाया था।

17फिर भी असूर का बादशाह मुत्मइन न हुआ। उस ने अपने सब से आला अफ़्सरों को बड़ी फ़ौज के साथ लकीस से यरूशलम को भेजा (उन की अपनी ज़बान में अफ़्सरों के उह्दों के नाम तर्तान, रब-सारिस और रबशाक़ी थे)। यरूशलम पहुँच कर वह उस नाले के पास रुक गए जो पानी को ऊपर वाले तालाब तक पहुँचाता है (यह तालाब उस रास्ते पर है जो धोबियों के घाट तक ले जाता है)।

18इन तीन असूरी अफ़्सरों ने इत्तिला दी कि बादशाह हम से मिलने आए, लेकिन हिज़क़ियाह ने महल के इंचार्ज इलियाक़ीम बिन ख़िलक़ियाह, मीरमुन्शी शिब्नाह और मुशीर-ए-ख़ास यूआख़ बिन आसफ़ को उन के पास भेजा।

19रबशाक़ी ने उन के हाथ हिज़क़ियाह को पैग़ाम भेजा,

19“असूर के अज़ीम बादशाह फ़रमाते हैं, तुम्हारा भरोसा किस चीज़ पर है?

20तुम समझते हो कि ख़ाली बातें करना फ़ौजी हिकमत-ए-अमली और ताक़त के बराबर है। यह कैसी बात है? तुम किस पर एतिमाद कर रहे हो कि मुझ से सरकश हो गए हो?

21क्या तुम मिस्र पर भरोसा करते हो? वह तो टूटा हुआ सरकंडा ही है। जो भी उस पर टेक लगाए उस का हाथ वह चीर कर ज़ख़्मी कर देगा। यही कुछ उन सब के साथ हो जाएगा जो मिस्र के बादशाह फ़िरऔन पर भरोसा करें!

22शायद तुम कहो, ‘हम रब अपने ख़ुदा पर तवक्कुल करते हैं।’ लेकिन यह किस तरह हो सकता है? हिज़क़ियाह ने तो उस की बेहुरमती की है। क्यूँकि उस ने ऊँची जगहों के मन्दिरों और क़ुर्बानगाहों को ढा कर यहूदाह और यरूशलम से कहा है कि सिर्फ़ यरूशलम की क़ुर्बानगाह के सामने परस्तिश करें।

23आओ, मेरे आक़ा असूर के बादशाह से सौदा करो। मैं तुम्हें 2,000 घोड़े दूँगा बशर्तेकि तुम उन के लिए सवार मुहय्या कर सको। लेकिन अफ़्सोस, तुम्हारे पास इतने घुड़सवार हैं ही नहीं!

24तुम मेरे आक़ा असूर के बादशाह के सब से छोटे अफ़्सर का भी मुक़ाबला नहीं कर सकते। लिहाज़ा मिस्र के रथों पर भरोसा रखने का क्या फ़ाइदा?

25शायद तुम समझते हो कि मैं रब की मर्ज़ी के बग़ैर ही इस जगह पर हम्ला करने आया हूँ ताकि सब कुछ बर्बाद करूँ। लेकिन ऐसा हरगिज़ नहीं है! रब ने ख़ुद मुझे कहा कि इस मुल्क पर धावा बोल कर इसे तबाह कर दे।”

26यह सुन कर इलियाक़ीम बिन ख़िलक़ियाह, शिब्नाह और यूआख़ ने रबशाक़ी की तक़रीर में दख़ल दे कर कहा, “बराह-ए-करम अरामी ज़बान में अपने ख़ादिमों के साथ गुफ़्तगू कीजिए, क्यूँकि हम यह अच्छी तरह बोल लेते हैं। इब्रानी ज़बान इस्तेमाल न करें, वर्ना शहर की फ़सील पर खड़े लोग आप की बातें सुन लेंगे।”

27लेकिन रबशाक़ी ने जवाब दिया, “क्या तुम समझते हो कि मेरे मालिक ने यह पैग़ाम सिर्फ़ तुम्हें और तुम्हारे मालिक को भेजा है? हरगिज़ नहीं! वह चाहते हैं कि तमाम लोग यह बातें सुन लें। क्यूँकि वह भी तुम्हारी तरह अपना फ़ुज़्ला खाने और अपना पेशाब पीने पर मज्बूर हो जाएंगे।”

28फिर वह फ़सील की तरफ़ मुड़ कर बुलन्द आवाज़ से इब्रानी ज़बान में अवाम से मुख़ातिब हुआ, “सुनो, शहन्शाह, असूर के बादशाह के फ़रमान पर ध्यान दो!

29बादशाह फ़रमाते हैं कि हिज़क़ियाह तुम्हें धोका न दे। वह तुम्हें मेरे हाथ से बचा नहीं सकता।

30बेशक वह तुम्हें तसल्ली दिलाने की कोशिश करके कहता है, ‘रब हमें ज़रूर छुटकारा देगा, यह शहर कभी भी असूरी बादशाह के क़ब्ज़े में नहीं आएगा।’ लेकिन इस क़िस्म की बातों से तसल्ली पा कर रब पर भरोसा मत करना।

31हिज़क़ियाह की बातें न मानो बल्कि असूर के बादशाह की। क्यूँकि वह फ़रमाते हैं, मेरे साथ सुलह करो और शहर से निकल कर मेरे पास आ जाओ। फिर तुम में से हर एक अंगूर की अपनी बेल और अन्जीर के अपने दरख़्त का फल खाएगा और अपने हौज़ का पानी पिएगा।

32फिर कुछ देर के बाद मैं तुम्हें एक ऐसे मुल्क में ले जाऊँगा जो तुम्हारे अपने मुल्क की मानिन्द होगा। उस में भी अनाज, नई मै, रोटी और अंगूर के बाग़, ज़ैतून के दरख़्त और शहद है। ग़रज़, मौत की राह इख़तियार न करना बल्कि ज़िन्दगी की राह। हिज़क़ियाह की मत सुनना। जब वह कहता है, ‘रब हमें बचाएगा’ तो वह तुम्हें धोका दे रहा है।

33क्या दीगर अक़्वाम के देवता अपने मुल्कों को शाह-ए-असूर से बचाने के क़ाबिल रहे हैं?

34हमात और अर्फ़ाद के देवता कहाँ रह गए हैं? सिफ़र्वाइम, हेना और इव्वा के देवता क्या कर सके? और क्या किसी देवता ने सामरिया को मेरी गिरिफ़्त से बचाया?

35नहीं, कोई भी देवता अपना मुल्क मुझ से बचा न सका। तो फिर रब यरूशलम को किस तरह मुझ से बचाएगा?”

36फ़सील पर खड़े लोग ख़ामोश रहे। उन्हों ने कोई जवाब न दिया, क्यूँकि बादशाह ने हुक्म दिया था कि जवाब में एक लफ़्ज़ भी न कहें।

37फिर महल का इंचार्ज इलियाक़ीम बिन ख़िलक़ियाह, मीरमुन्शी शिब्नाह और मुशीर-ए-ख़ास यूआख़ बिन आसफ़ रंजिश के मारे अपने लिबास फाड़ कर हिज़क़ियाह के पास वापस गए। दरबार में पहुँच कर उन्हों ने बादशाह को सब कुछ कह सुनाया जो रबशाक़ी ने उन्हें कहा था।