अल्लाह हिज़क़ियाह को शिफ़ा देता है
1उन दिनों में हिज़क़ियाह इतना बीमार हुआ कि मरने की नौबत आ पहुँची। आमूस का बेटा यसायाह नबी उस से मिलने आया और कहा, “रब फ़रमाता है कि अपने घर का बन्द-ओ-बस्त कर ले, क्यूँकि तुझे मरना है। तू इस बीमारी से शिफ़ा नहीं पाएगा।”
2यह सुन कर हिज़क़ियाह ने अपना मुँह दीवार की तरफ़ फेर कर दुआ की,
3“ऐ रब, याद कर कि मैं वफ़ादारी और ख़ुलूसदिली से तेरे सामने चलता रहा हूँ, कि मैं वह कुछ करता आया हूँ जो तुझे पसन्द है।” फिर वह फूट फूट कर रोने लगा।
4इतने में यसायाह चला गया था। लेकिन वह अभी अन्दरूनी सहन से निकला नहीं था कि उसे रब का कलाम मिला,
5“मेरी क़ौम के राहनुमा हिज़क़ियाह के पास वापस जा कर उसे बता देना कि रब तेरे बाप दाऊद का ख़ुदा फ़रमाता है, ‘मैं ने तेरी दुआ सुन ली और तेरे आँसू देखे हैं। मैं तुझे शिफ़ा दूँगा। परसों तू दुबारा रब के घर में जाएगा।
6मैं तेरी ज़िन्दगी में 15 साल का इज़ाफ़ा करूँगा। साथ साथ मैं तुझे और इस शहर को असूर के बादशाह से बचा लूँगा। मैं अपनी और अपने ख़ादिम दाऊद की ख़ातिर शहर का दिफ़ा करूँगा’।”
7फिर यसायाह ने हुक्म दिया, “अन्जीर की टिक्की ला कर बादशाह के नासूर पर बांध दो!” जब ऐसा किया गया तो हिज़क़ियाह को शिफ़ा मिली।
8पहले हिज़क़ियाह ने यसायाह से पूछा था, “रब मुझे कौन सा निशान देगा जिस से मुझे यक़ीन आए कि वह मुझे शिफ़ा देगा और कि मैं परसों दुबारा रब के घर की इबादत में शरीक हूँगा?”
9यसायाह ने जवाब दिया, “रब धूपघड़ी का साया दस दर्जे आगे करेगा या दस दर्जे पीछे। इस से आप जान लेंगे कि वह अपना वादा पूरा करेगा। आप क्या चाहते हैं, क्या साया दस दर्जे आगे चले या दस दर्जे पीछे?”
10हिज़क़ियाह ने जवाब दिया, “यह करवाना कि साया दस दर्जे आगे चले आसान काम है। नहीं, वह दस दर्जे पीछे जाए।”
11तब यसायाह नबी ने रब से दुआ की, और रब ने आख़ज़ की बनाई हुई धूपघड़ी का साया दस दर्जे पीछे कर दिया।
हिज़क़ियाह से संगीन ग़लती होती है
12थोड़ी देर के बाद बाबल के बादशाह मरूदक-बलदान बिन बलदान ने हिज़क़ियाह की बीमारी की ख़बर सुन कर वफ़द के हाथ ख़त और तोह्फ़े भेजे।
13हिज़क़ियाह ने वफ़द का इस्तिक़्बाल करके उसे वह तमाम ख़ज़ाने दिखाए जो ज़ख़ीराख़ाने में मह्फ़ूज़ रखे गए थे यानी तमाम सोना-चाँदी, बल्सान का तेल और बाक़ी क़ीमती तेल। उस ने अस्लिहाख़ाना और बाक़ी सब कुछ भी दिखाया जो उस के ख़ज़ानों में था। पूरे महल और पूरे मुल्क में कोई ख़ास चीज़ न रही जो उस ने उन्हें न दिखाई।
14तब यसायाह नबी हिज़क़ियाह बादशाह के पास आया और पूछा, “इन आदमियों ने क्या कहा? कहाँ से आए हैं?” हिज़क़ियाह ने जवाब दिया, “दूरदराज़ मुल्क बाबल से आए हैं।”
15यसायाह बोला, “उन्हों ने महल में क्या कुछ देखा?” हिज़क़ियाह ने कहा, “उन्हों ने महल में सब कुछ देख लिया है। मेरे ख़ज़ानों में कोई चीज़ न रही जो मैं ने उन्हें नहीं दिखाई।”
16तब यसायाह ने कहा, “रब का फ़रमान सुनें!
17एक दिन आने वाला है कि तेरे महल का तमाम माल छीन लिया जाएगा। जितने भी ख़ज़ाने तू और तेरे बापदादा ने आज तक जमा किए हैं उन सब को दुश्मन बाबल ले जाएगा। रब फ़रमाता है कि एक भी चीज़ पीछे नहीं रहेगी।
18तेरे बेटों में से भी बाज़ छीन लिए जाएंगे, ऐसे जो अब तक पैदा नहीं हुए। तब वह ख़्वाजासरा बन कर शाह-ए-बाबल के महल में ख़िदमत करेंगे।”
19हिज़क़ियाह बोला, “रब का जो पैग़ाम आप ने मुझे दिया है वह ठीक है।” क्यूँकि उस ने सोचा, “बड़ी बात यह है कि मेरे जीते जी अम्न-ओ-अमान होगा।”
हिज़क़ियाह की मौत
20बाक़ी जो कुछ हिज़क़ियाह की हुकूमत के दौरान हुआ और जो कामयाबियाँ उसे हासिल हुईं वह ‘शाहान-ए-यहूदाह की तारीख़’ की किताब में दर्ज हैं। वहाँ यह भी बयान किया गया है कि उस ने किस तरह तालाब बनवा कर वह सुरंग खुदवाई जिस के ज़रीए चश्मे का पानी शहर तक पहुँचता है।
21जब हिज़क़ियाह मर कर अपने बापदादा से जा मिला तो उस का बेटा मनस्सी तख़्तनशीन हुआ।